राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के जनपदीय आयोजन में बाल वैज्ञानिकों ने प्रस्तुत किये अपने प्रोजेक्ट

  • राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के जनपदीय आयोजन में बाल वैज्ञानिकों ने प्रस्तुत किये अपने प्रोजेक्ट

तेजस टूडे ब्यूरो
नन्द कुमार मिश्रा
लखीमपुर खीरी। 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का जनपद स्तरीय आयोजन गुरु नानक इंटर कॉलेज में जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद मिश्र के दिशा निर्देशन में उत्साह पूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि इंद्रजीत सिंह ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित करके किया। कार्यक्रम प्रभारी डॉ अनिल कुमार ने मुख्य अतिथि एवं निर्णायक मंडल के सदस्यों तथा विशिष्ट अतिथिगणों का बैज अलंकरण करके अभिनंदन किया।
आयोजन में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए हुए 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग में कुल 62 समूह में 124 बाल वैज्ञानिकों ने प्रस्तुतीकरण प्रदान किया तथा जूनियर वर्ग 10 से 14 वर्ष आयु वर्ग में 32 समूह में 64 बाल वैज्ञानिकों ने अपने प्रोजेक्ट का प्रस्तुतीकरण प्रदान किया। निर्णायक मंडल में डॉ बृजेश शुक्ला एसोसिएट प्रोफेसर भौतिकी विभाग, डॉ सतेंद्र पाल सिंह एसोसिएट प्रोफेसर प्राणि विज्ञान विभाग युवराज दत्त पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज लखीमपुर, विनोद कुमार प्रधानाचार्य राजकीय हाईस्कूल कृष्णानगर कॉलोनी, सुनील मिश्र समन्वयक जिला विज्ञान क्लब ने प्रदेश स्तर पर प्रोजेक्ट प्रस्तुतीकरण के लिए 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग में चार बाल वैज्ञानिकों लखनऊ पब्लिक स्कूल लखीमपुर के विशेष बाजपेई अजमानी इंटरनेशनल स्कूल लखीमपुर की श्रेया यादव दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मंदिर सीबीएससी इंटर कॉलेज के रमन बाजपेई तथा गोला के शशांक शुक्ला का चयन किया तथा जूनियर आयु वर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय कालाढूँढ की आकांक्षा वर्मा तथा लखनऊ पब्लिक स्कूल लखीमपुर से विराट प्रताप सिंह का चयन हुआ।
अंत में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस लखीमपुर के जिला समन्वयक देवेंद्र सिंह और अतिथियों ने प्रदेश स्तरीय प्रस्तुतीकरण के लिए चयनित सभी बाल वैज्ञानिकों को मेडल पहनाकर एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया तथा दोनों वर्गों के कुल छह समूहों को अच्छे प्रस्तुतीकरण के लिए सांत्वना पुरस्कार दिया गया। सभी प्रतिभागी बाल वैज्ञानिकों एवं उनके गाइड शिक्षकों को प्रतिभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि मौलिक चिंतन और जिज्ञासा बच्चों को विज्ञान में नवाचार और अन्वेषण के लिए प्रेरित करती है जिसे मूर्त रूप दिलाने में मार्गदर्शक शिक्षक का विशेष योगदान रहता है। अंत में आयोजन समिति द्वारा सभी निर्णायकों मुख्य अतिथि एवं कार्यक्रम आयोजक को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र वितरित किये गये।