जिला पंचायत अध्यक्ष के लिये प्रत्याशियों ने किया नामांकन
जौनपुर। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिये प्रत्याशियों ने नामाकंन किया। इसमें दो प्रत्याशियों ने अपना दल एस पार्टी से पर्चा भरा है। उधर बाहुबली सांसद धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला धनंजय सिंह, सपा प्रत्याशी निशी यादव के नामाकंन दरम्यान समर्थकों के नारेबाजी से एक बार थोड़ी देर के लिये माहौल गर्म हो गया।
हालांकि मौके पर मौजूद दोनों गुटों के वरिष्ठ नेताओं ने हस्तक्षेप करते हुए नारेबाजी को बंद करा दिया। उसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। बता दें कि जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव बेहद रोचक होने वाला है।
अन्य जिलों में मामला आमने-सामने या त्रिकोणीय है लेकिन यहां चतुष्कोणीय मुकाबले की संभावना बन रही है। शनिवार को सपा से निशी यादव, अपना दल (एस) से रीता पटेल, पूर्व सांसद धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला और भाजपा की जिला पंचायत सदस्य नीलम सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना पर्चा भरा है।
बीजेपी प्रत्याशी के नामांकन में सोशल डिस्टेंसिंग की उड़ी धज्जियां
भाजपा से टिकट नहीं मिलने से नाराज नीलम सिंह निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरी हैं। बता दें कि अपना दल (एस) से मैदान में उतर रहीं रीता पटेल पार्टी के जिला महासचिव राकेश पटेल की पत्नी हैं। नामांकन प्रक्रिया कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डीएम कोर्ट में सुबह 11 बजे से शुरू हुई जो तीन बजे तक चली।
अपना दल (एस) की ही जिला पंचायत सदस्य सुनीता वर्मा ने भी दो सेट में नामांकन फार्म खरीदा है। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि 29 जून को प्रत्याशी की नाम वापसी व तीन जुलाई को डीएम कोर्ट में मतदान एवं तीन बजे के बाद से मतगणना की जायेगी। सुरक्षा को लेकर कलेक्ट्रेट के पास वाले तिराहे-चौराहे पर बैरिकेडिंग कर दी गई है।






