पुलिस की नाकामी पर सर्राफा व्यवसाइयों में गुस्सा फूटा, बैठे धरने पर
तेजस टूडे ब्यूरो
रविन्द्र चौधरी
कोंच, (जालौन)। स्थानीय नगर में बीते 15 मई को दिनदहाड़े नवीन ज्वेलर्स की दुकान में हुई डकैती की वारदात का एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद भी कोई सुराग हाथ न लगने से व्यापारियों का आक्रोश फूट पड़ा है। डकैती के खुलासे में हो रही देरी को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की कोंच इकाई ने गुरुवार को सर्राफा बाजार में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन का नेतृत्व उद्योग व्यापार मंडल के वरिष्ठ व्यापारी नेता अनिल अग्रवाल (दतिया वाले) कर रहे हैं जबकि उनके नगर अध्यक्ष संजय लोहिया, सर्राफा व्यापारी पवन सोनी, बिलाल अहमद के साथ वरिष्ठ व्यापारी समेत बड़ी संख्या में व्यापारी धरने पर बैठे हैं। प्रदर्शनकारी व्यापारियों ने साफ कहा कि जब तक डकैती का खुलासा नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा और वे शांत नहीं बैठेंगे।
व्यापारियों ने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया था लेकिन पुलिस प्रशासन ने जल्द खुलासे की बात कही थी, इसके लिए 2 दिन का और समय मांगा था, मगर वह भी समय बीत चुका है लेकिन पुलिस न अब तक किसी आरोपी को गिरफ्तार कर पाई है और न ही घटना की पुख्ता जानकारी सामने आ सकी है। इस विफलता को लेकर व्यापारी बेहद नाराज हैं। उनका कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस डकैती ने पूरे बाजार में दहशत फैला दी है और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। डकैती की घटना में नकाबपोश बदमाश हथियारों से लैस होकर दुकान में घुसे और लाखों रुपए के गहने लूटकर फरार हो गए। इसके बाद से ही बाजार में तनाव का माहौल बना हुआ है।
धरने पर बैठे व्यापारियों की मांग है कि पुलिस जल्द से जल्द इस घटना का खुलासा करे और दोषियों को सख्त सजा दिलाए। साथ ही व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। फिलहाल कोंच का सर्राफा बाजार पूरी तरह बंद है और व्यावसायिक गतिविधियां ठप हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है जिससे व्यापारियों की चिंता और गहराती जा रही है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।









