जींस फैक्ट्री में धागा टूटने पर खूनी संघर्ष, दोस्तों ने एक—दूसरे पर चलायी कैंची
मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, फैक्ट्री से सड़क तक मची अफरा—तफरी

तेजस टूडे ब्यूरो
राजू पाल
भिवंडी, मुम्बई। भिवंडी ग्रामीण क्षेत्र के पोगांव स्थित एक जींस फैक्ट्री में मशीन का धागा टूटने जैसी मामूली बात को लेकर दो दोस्तों के बीच हिंसक संघर्ष छिड़ गया। शनिवार को दोपहर के समय हुई इस घटना में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कैंची से हमला कर दिया जिससे कई युवक घायल हो गये।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पोगांव के गाला नंबर F-4 स्थित कॉर्ड सोइंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड नामक जींस कारखाने में रिहान सलीम अंसारी पिछले 8-9 महीनों से काम कर रहा था शनिवार को भोजन अवकाश के बाद जब वह अपनी मशीन पर लौटा तो मशीन का धागा टूटा हुआ मिला। इसी बात को लेकर उसने काम की तलाश में आए अपने परिचित इमरान मुस्तफा खान से पूछताछ किया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने उग्र रूप धारण कर लिया और दोनों के बीच कैंची से हमला शुरू हो गया।
विवाद में इमरान का भाई सोहेल भी शामिल हो गया। देखते ही देखते फैक्ट्री के भीतर शुरू हुई मारपीट सड़क तक जा पहुंची और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर एक-दूसरे के खिलाफ अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं इस प्रकरण में एक आरोपी फरार बताया जा रहा है जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।







