किसानों की फसल चौपट कर रहे छुट्टा जानवर
गोविन्द वर्मा
निन्दूरा, बाराबंकी। स्थानीय क्षेत्र में किसानों की फसल पर मंडराता संकट खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम की मार झेल रहे किसानों की फसल को आवारा पशुओं द्वारा चौपट किया जा रहा है। लाखों रुपये खर्च कर बनाये गये गौ आश्रय स्थल योगी आदित्यनाथ की व्यवस्था को मुंह चिढ़ा रहे हैं। विकास खण्ड में तीन गौशालाओं का संचालन होने के बाद भी आवारा पशुओं का खेतों में घूमने वाला झुंड भ्रष्ट अधिकारियों की कार्यशैली का जीता जागता उदाहरण है। प्रदेश के मुखिया के मंसूबों पर पानी फेरने वाले भ्रष्ट नौकरशाह ही सरकार की लुटिया डुबोने में लगे हुए हैं। एक तरफ कुदरत की मार से बेहाल किसान उबर भी नहीं सका था कि यह आवारा पशु अब उसकी खून पसीने की कमाई को चौपट करने पर उतारू हो गए हैं।
हजारों की लागत से बोयी गई आलू, गेहूँ व सरसों की फसल की रखवाली करने के लिए किसान मजबूर हो गया है। गलन भरी ठंडी हवाओं को झेलते हुए किसान रात दिन अपनी फसल की रखवाली करने में लगा हुआ है। सुबह से लेकर शाम तक अपनी फसल को बचाने के लिए किसान खेत में बैठे रहते हैं। जरा देर खेत से हटने के बाद छुट्टा जानवर फसल को चट कर रहे हैं। विकास खण्ड निन्दूरा क्षेत्र में सैकड़ों मवेशी छुट्टा घूम रहे हैं। अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं जिससे किसानों की मेहनत की कमाई से तैयार हुई फसल छुट्टा मवेशी नष्ट करने में लगे हैं।