अलीनगर पुलिस ने 4 वारंटियों को किया गिरफ्तार, गोधना गांव में दी दबिश
न्यायालय से जारी वारंट के अनुपालन में हुई कार्यवाही
एक ही परिवार के 4 लोगों को पुलिस ने पकड़ा

तेजस टूडे ब्यूरो
दीपक कुमार
मुगलसराय, चन्दौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना गांव में रविवार को अलीनगर पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंट के अनुपालन में कार्रवाई करते हुए चार वारंटियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हलचल मच गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उच्चाधिकारियों के कुशल निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक अलीनगर गगनराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोधना गांव में दबिश दी। इस दौरान न्यायिक मजिस्ट्रेट चंदौली के न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर चारों आरोपितों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार वारंटियों की पहचान जितेंद्र राम, काजू राम, चंदन राम पुत्रगण महंगी राम तथा महंगी राम पुत्र स्वर्गीय उदित राम के रूप में हुई है। सभी निवासी ग्राम गोधना थाना अलीनगर के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार चारों वारंटी मुकदमा संख्या 25120/23 और अपराध संख्या 392/22 से संबंधित हैं। इनके विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 504, 506 और 325 के तहत मामला दर्ज है। न्यायालय द्वारा जारी वारंट के अनुपालन में पुलिस ने गिरफ्तारी की कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्यवाही में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक अमित सेन सिंह, उपनिरीक्षक योगेंद्रनाथ यादव, कांस्टेबल नीलकमल यादव और चालक कांस्टेबल शैलेन्द्र यादव शामिल रहे। वहीं पुलिस ने बताया कि न्यायालय से जारी वारंटों के अनुपालन में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।







