बगल की 2 मंजिला इमारत भी गिरी, अफरा-तफरी मची, पुलिस ने एरिया किया सील
शुभम जायसवाल
लखनऊ। लखनऊ में बड़ा हादसा हो गया है। यहां नाका थाना क्षेत्र के आर्यनगर में बुधवार दोपहर निमार्णाधीन बिल्डिंग अचानक ढह गई। वहां बेसमेंट में खुदाई हो रही थी। बिल्डिंग के ठीक बगल की इमारत में भी पहले दरारें आईं, फिर भरभराकर गिर गई। दोनों इमारत सिर्फ 2 मिनट में ढह गई। फिलहाल पुलिस ने पूरा एरिया सील कर दिया है। नगर आयुक्त भी पहुंच गए हैं। यहां निर्माणाधीन मकान के ठीक बगल के मकान में किराए पर रहने वाले परिवार हंगामा कर रहे हैं। वह मुआवजा की मांग कर रहे हैं। हालांकि इस हादसे में किसी के चोटिल होने की सूचना नहीं है।
रिश्ते के भाई के थे ये मकान
आर्यनगर में वकील अनिल द्विवेदी उर्फ रामजी अपना घर बनवा रहे थे। कॉर्नर का मकान में बेसमेंट की खुदाई डेढ़ महीने पहले हुई थी। इस मकान के ठीक बगल में उनके रिश्ते के भाई वीरेंद्र द्विवेदी का मकान है। इसमें विमला का परिवार किराए पर रहता था। डेढ़ महीने पहले ही रामजी के मकान में बेसमेंट की खोदाई रोक दी गई थी। तब आस-पास के लोगों ने रामजी से कहा था कि वह बेसमेंट भरवा दें या तो निर्माण पूरे करवा लें। मगर, उन्होंने निर्माण नहीं रुकवाए, बल्कि बुधवार को बेसमेंट और गहरा खुदवाने लगे। लोगों का आरोप था कि इस निर्माण के लिए उन्होंने संबंधित विभाग से अनुमति नहीं ली थी। क्योंकि, रिहायशी इलाके में बेसमेंट नहीं बनवाया जा सकता। नतीजा आज हादसा हो गया।
सिर्फ 2 मिनट में ढहीं दोनों इमारतें
लोगों के मुताबिक बुधवार दोपहर रामजी की बिल्डिंग के बगल वाली इमारत में अचानक दरारें आने लगीं। पता करने पर सामने आया कि रामजी की बिल्डिंग में एक बार फिर खुदाई शुरू कर दी थी। इससे पहले की कोई कुछ समझ पाता, सबसे पहले रामजी की बिल्डिंग ढह गई। फिर उसके ठीक बगल में उनके भाई की दो मंजिला इमारत भी ढह गई। नाका थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। थोड़ी देर में नगर आयुक्त भी यहां आ गए। नक्शा पास था या नहीं? इसकी जांच करवाई जा रही है। इस हादसे में कोई चोटिल नहीं हुआ है।
1.15 बजे दोनों बिल्डिंग गिर गयीं
आर्यनगर में रहने वाले शिवा ने बताया कि ”दोपहर 12 बजे बिल्डिंग के लकड़ी की बल्लियां पहले क्रैक होने लगी। कुछ मलबा भी ऊपर से गिरने लगा था। घबराए हुए लोगों ने पुलिस को बुला लिया। करीब 1.15 बजे दोनों इमारत बारी-बारी से गिर गईं। दोनों बिल्डिंग खाली थी। इसलिए कोई फंसा नहीं। वकील रामजी के बगल की बिल्डिंग पंडित जी की है।”
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।