सनबीम स्कूल मुगलसराय में शून्य 5.O एक अंतर्विद्यालयीय त्रिकोणीय शैक्षिक अधिसंज्ञान प्रतिस्पर्धा सम्पन्न
तेजस टूडे ब्यूरो
दीपक कुमार
उगलसराय, चंदौली। दुलहीपुर स्थित सनबीम स्कूल मुगलसराय के प्रांगण में दो दिवसीय “अंतर्विद्यालयी त्रिकोणीय शैक्षिक अधिसंज्ञान प्रतिस्पर्धा-शून्य 5.O” का भव्य समापन हुआ। प्रतिस्पर्धा के प्रथम दिन में उदयपुर, अयोध्या, वाराणसी तथा चंदौली से कुल 14 प्रतिष्ठित विद्यालयों के छात्रों ने भाग लिया था। महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल उदयपुर, जे.बी. एकेडमी अयोध्या, यस.आर.वी.यस. शिक्षण संस्थान चंदौली तथा सनबीम समूह के 11 विद्यालय उपस्थित थे। कार्यक्रम के दूसरे दिन सनबीम स्कूल सनसिटी, सनबीम स्कूल इंदिरा नगर, सनबीम स्कूल अन्नपूर्णा व सनबीम स्कूल मुगलसराय के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में कला, रचनात्मकता, नवाचार और आत्मविश्वास को विकसित करना व उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना था। इसके जरिए छात्रों को संगीत, नृत्य और थियेटर से परिचित कराकर उनकी सांस्कृतिक समझ और समग्र विकास को प्रोत्साहित करना। साथ ही टीम वर्क, अनुशासन और अभिव्यक्ति के कौशल को सशक्त बनाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि प्राचार्या बसंता कॉलेज राजघाट डॉ. अलका सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर निदेशिका भारत कला भवन बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी जसमिन्दर, असिस्टेंट प्रोफेसर बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी राकेश जी, असिस्टेंट प्रोफेसर डिपार्टमेंट ऑफ़ म्यूजिक, बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी श्यामा जी, प्रसिद्ध वीडियो इंस्टॉलेशन कलाकार सहज उमंग सिंह, फ़िल्म जगत के प्रख्यात कलाकार देबांशु सेन गुप्ता, प्रधानाचार्या सनबीम स्कूल अन्नपूर्णा ममता जायसवाल और सुप्रसिद्ध शिक्षाविद् और ज्ञान संसाधन क्यूरेटर पर्नव मुखर्जी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का स्वागत विद्यालय के सेक्रेटरी यदुराज कानूडिया, विद्यालय के प्रबंधन सदस्य सुभाष तुलस्यान एवं निदेशिका श्वेता कानूडिया, उप निदेशिका श्रुति अग्रवाल, प्रधानाचार्या सौमिता चटर्जी तथा उप प्रधानाचार्य राम प्रताप सिंह ने ‘पुष्प-गुच्छ‘ व ‘अंगवस्त्र‘ भेंट करके किया। शून्य 5.0 सांस्कृतिक कार्यक्रम अभिभावकों की उपस्थिति में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ जिसमें सभी ने सहयोग और सहभागिता से कार्यक्रम को एक नई दिशा दी।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रारंभ में श्री पर्नव मुखर्जी जी ने कहा कि “संसार में कुछ भी शून्य या रिक्त नहीं है; हर कला और साहित्य अपने आप में पूर्णता और अर्थ से भरा है।” सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रारंभिक चरण में सनबीम स्कूल मुगलसराय के विद्यार्थियों ने ‘फ़र्ज़ करो हम अहले वफ़ा हों’ और ‘इमेजिन देयर्स नो हेवेन’ गीत का सजीव गायन प्रस्तुत कर नृत्य का अद्भुत प्रदर्शन किये जिसे देखकर दर्शकगण मन्त्र मुग्ध हो गए। वहीं कार्यक्रम के दूसरे चरण में सनबीम स्कूल सनसिटी, सनबीम स्कूल इंदिरा नगर, सनबीम स्कूल अन्नपूर्णा के छात्रों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आजादी दिलाने और समाज सुधार में महात्मा गांधी व भीमराव अम्बेडकर का योगदान को सूफी गीतों के माध्यम से जीवंत किया। मंच पर इनकी प्रस्तुति से दर्शकों को मानो एक अलग ही संसार में प्रविष्ट करा दिया। छात्रों की अभिव्यक्ति, संवादों की गहनता और अभिनय की उत्कृष्टता ने न केवल कहानी को सजीव किया, बल्कि दर्शकों के हृदय में एक अमिट छाप छोड़ी।
इस सृजनात्मक प्रदर्शन ने उनकी साहित्यिक समझ, तार्किक दृष्टिकोण, कल्पनाशीलता और रचनात्मक क्षमता का सशक्त प्रमाण दिया जो निश्चय ही उनकी कलात्मक संवेदनशीलता और समर्पण का प्रतीक है। वहीं “दृश्य कला प्रदर्शन ” में सनबीम मुगलसराय छात्रों ने 40 मीटर लंबे सफेद कपड़ों पर भारत के 12 प्रतिष्ठित गजलकारों की कलात्मक झलकियां प्रस्तुत कीं। इस रचनात्मक प्रयास में मिर्ज़ा ग़ालिब, फैज़ अहमद फैज़, साहिर लुधियानवी और रवीन्द्रनाथ टैगोर जैसे प्रसिद्ध शायरों के चित्रों के साथ उनकी ग़ज़लों की पंक्तियाँ उकेरी गईं। इस अवसर पर विद्यालय स्टूडेंट वेलफेयर हेड राम घले, राजेश सिन्हा, डॉ. गुंजन सिंह, हेडमिस्ट्रेस वसुंधरा ऋषि सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचारहमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।












