बर्थडे पार्टी की आड़ में धर्म परिवर्तन की प्रशासन को मिली किताब
शक के आधार पर कुछ महिलाओं को हिरासत में लिया गया
देवी प्रसाद शर्मा
आजमगढ़। महाराजगंज को कस्बे के विष्णु नगर वार्ड (दलित बस्ती) में किराए के मकान में रहने वाली इन्द्रकला पत्नी महेंद्र कुमार निवासी ग्राम पिपरी थाना कप्तानगंज ने अपने बेटे के जन्मदिन पर पार्टी का आयोजन किया था जिसमें काफी संख्या में आस-पास के गांवों की महिलायें और पुरुष एकत्रित थे। बताया जाता है कि उपस्थित लोगों को एक धर्म विशेष के प्रति प्रेरित किया जा रहा था जिसकी सूचना किसी ने पुलिस को दे दिया सूचना पर आनन-फानन मौके पर पहुंची पुलिस को देखते ही कुछ लोग वहां से खिसक लिए किन्तु तलाशी के दौरान मौके से कुछ धार्मिक पुस्तकें प्राप्त हुईं।
आयोजक सहित लगभग आधा दर्जन महिलाओं को पुलिस हिरासत में लेकर थाने ले आई और पूछताछ करना शुरू कर दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी कमलकांत वर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि कस्बे के दलित बस्ती में जन्मदिन पार्टी के नाम पर धर्म परिवर्तन का प्रयास किया जा रहा है इस सूचना पर मौके पर पहुंचा तो वहां से कुछ धार्मिक पुस्तकें आदि प्राप्त हुईं जिसके आधार पर प्रथम दृष्टया सूचना को सत्य मानते हुए कुछ महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले से जुड़े वास्तविक लोगों का नाम प्रकाश में आते ही विधिक कार्यवाही की जाएगी।