HomeTrendingयम द्वितीया मेला में जुटी हजारों की भीड़, यमुना में लगायी मोक्ष...

यम द्वितीया मेला में जुटी हजारों की भीड़, यमुना में लगायी मोक्ष की डुबकी, सुजावनदेव मन्दिर में की पूजा

  • यम द्वितीया मेला में जुटी हजारों की भीड़, यमुना में लगायी मोक्ष की डुबकी, सुजावनदेव मन्दिर में की पूजा

  • दो दिवसीय मेले में गृहस्थी एवं खेतीबाड़ी के सामान की हुई खूब बिक्री

तेजस टूडे ब्यूरो
राजीव जायसवाल
प्रयागराज। घूरपुर क्षेत्र स्थित भीटा देवरिया के पहाड़ी पर भैया दूज पर लगने वाले यम द्वितीया मेलेहजारों की संख्या में लोगों की भीड़ जुटी। यमुना तट पर हजारों श्रद्धालुओं ने मोक्ष की डुबकी लगाई और सुजावन देव मंदिर में पूजा अर्चना के बाद दान दक्षिणा कर मेले का लुत्फ उठाया। मेले से वापस लौट रहे लोगों के हाथ और सिर पर गृहस्थी और खेतीबाड़ी का सामान रखा हुआ दिखा। 3 किलोमीटर में फैला मेला भीड़ से खचाखच भरा रहा। क्षेत्रीय लोग इस मेले का साल भर से बेसब्री से इंतजार करते हैं, क्योंकि इस मेले में गृहस्थी और खेतीबाड़ी के हर किस्म के सामान सहजता और सस्ते दामों में मिल जाते हैं, इसलिए हर परिवार इस मेले में शामिल होते हैं। मशीनीकरण और कंप्यूटराइज युग में भी पारंपरिक और हाथों द्वारा तराशे गए पत्थरों और लोहे के उपकरण इस मेले में जरूर आते है। इस तरह भी कह सकते हैं कि पारंपरिक और हाथों की कारीगरी का सजीव उदाहरण है भीटा देवरिया का पहाड़ी तट पर दो दिवसीय यह मेला। प्रयागराज सहित बांदा, चित्रकूट, प्रयाग के कारीगर अपने हाथों से आकर्षक रूप से बनाए सिलन-चकली, जांत, ओखली, शीला आदि पारंपरिक उपकरण लेकर आते हैं। मेले में कई जनपदों से रंग बिरंगी लाठियां खरीदी की गई। मेलार्थियों ने खूब मन पसंद लाठियां और झाड़ियां खरीदीं। लाठियां अधिकतर बुजुर्गों और अधेड़ व्यक्तियों ने खरीदीं। खाने–पीने की दुकानों पर भी भीड़ रही।

 

 

 

 

Must Read