पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम

  • पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम

तेजस टूडे सं.
प्रेमचन्द
सिद्धौर, बाराबंकी। स्थानीय थाना क्षेत्र के सादुल्लापुर गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब गांव के बाहर एक बाग में 25 वर्षीय युवक का शव चिलवल के पेड़ से साड़ी के फंदे के सहारे लटकता मिला। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार सादुल्लापुर गांव निवासी चंद्रिका प्रसाद के पुत्र सर्वेश कुमार की शादी करीब एक साल पहले असन्द्रा थाना क्षेत्र में हुई थी। बताया जा रहा है कि करीब 5 महीने पहले पत्नी से विवाद होने के बाद दोनों अलग रहने लगे थे। इस बात को लेकर सर्वेश काफी परेशान रहता था। गांव के पश्चिम तरफ फतेहबहादुर की बाग में चिलबिल के पेड़ से साड़ी के फंदे के सहारे सर्वेश का शव लटकता मिला। इसकी जानकारी होने पर मृतक के बड़े भाई संग्राम सिंह ने पुलिस को सूचना दी।
ग्रामीणों के मुताबिक करीब 5 साल पहले सर्वेश के एक अन्य भाई संजीत कुमार की भी घर के अंदर फंदे से लटकने से मौत हो गई थी। मृतक तीन भाइयों में से एक था। अब दो भाइयों की मौत हो चुकी है जबकि एक भाई संग्राम सिंह जीवित है। क्षेत्राधिकारी समीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।