दीवार ढहने के साथ ही लगी आग, बेटी समेत पड़ोसी पति-पत्नी झुलसे, हालत नाजुक
अजय जायसवाल
गोरखपुर। एक बड़ा हादसा हो गया। पहले एक घर में आग लग गई। इसके बाद तेज धमाकों के साथ घर में रखा सिलेंडर फट गया। सिलेंडर ब्लास्ट से पहले घर की छत गिरी, फिर दीवार भी ढह गई। हादसे में घर में मौजूद दो महिलाओं सहित तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना शाहपुर इलाके के राहुल नगर बिछिया की है।
धमाकों की आवाज सुनते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग भी वहां पहुंच गए। पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम ने किसी तरह से रेस्क्यू कर घायलों को बाहर निकाला। इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा। जहां तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक, तीनों का शरीर 90 फीसदी जल चुका है, वहीं फायर बिग्रेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है।
दरअसल शाहपुर इलाके के राहुल नगर बिछिया के रहने वाले शिव प्रताप सिंह पुलिस विभाग में सब इंस्पेक्टर हैं। वे अभी लखनऊ हाईकोर्ट की सुरक्षा में तैनात हैं। यहां घर पर पत्नी मीरा सिंह 45, बेटी प्रिया 27 और नतनी वैष्णवी 3 और उनका 22 साल का बेटा रहते हैं। मीरा सिंह अभी दो दिन पहले बेटे के साथ गांव चली गईं। यहां फिलहाल बेटी प्रिया अपनी मासूम बेटी के साथ घर पर अकेली थी। प्रिया पास के ही एक स्कूल में पढ़ाती है।
प्रिया बेटी को पड़ोसी मदन यादव के घर छोड़कर खुद स्कूल चली गई। दोपहर 2 बजे करीब प्रिया स्कूल से वापस आई और घर में गई। जबकि, उस वक्त प्रिया की बेटी पड़ोस में ही खेल रही थी। अंदर जाने पर प्रिया को एहसास हुआ कि गैस सिलिंडर लीक कर रहा है। फिर अचानक सिलेंडर में आग लग गई। आग लगते ही प्रिया जोर-जोर चिलल्लाने लगी। उसकी आवाज सुनकर पड़ोसी मदन यादव और उनकी पत्नी उर्मिला यादव भी वहां पहुंच गए।
तभी अचानक सिलिंडर तेज धमाकों के साथ फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि सिलिंडर पक्के मकान की छत को तोड़ता हुआ काफी ऊपर जाकर गिरा। धमाके के बाद मकान की दीवार भी गिर गई। इस हादसे में प्रिया समेत पड़ोसी मदन यादव और उनकी पत्नी उर्मिला यादव बुरी तरह झुलस गए। तीनों को इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है जहां डॉक्टरों ने प्रिया और उर्मिला देवी की हालत गंभीर बताई है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।