ठेकेदार ने खड़ंजा में डलवाई मिट्टी, ग्रामीणों के लिये बनी आफत
तेजस टूडे ब्यूरो
रूपा गोयल
बाँदा। जसपुरा ब्लॉक के गौरी खुर्द में क्षेत्र पंचायत निधि से बन रही हनुमान मंदिर से प्राथमिक विद्यालय तक बन रही सीसी रोड में ग्राम प्रधान के मना करने के बावजूद संबंधित ठेकेदार द्वारा पूरे खड़ंजे के ऊपर मिट्टी डलवाने से ग्रामीणों को हो रही भीषण परेशानी का सामना करना पड रहा है।
ग्राम गौरी खुर्द में विगत एक महीने से ज्यादा समय से क्षेत्र पंचायत निधि से हनुमान मंदिर से प्राथमिक विद्यालय तक 170 मीटर सीसी सड़क का निर्माण एक क्षेत्रीय ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा है। इस ठेकेदार ने पहले इस सड़क में पड़े खड़ंजे में लगे ईंटों का उखाड़ने का प्रयास किया लेकिन ग्राम प्रधान और ग्रामीणों के विरोध स्वरूप ईंटे नहीं निकालने दिया। गांव के ग्रामीण प्रेमशरण, अजय, श्याम सिंह, अभिषेक सिंह, उधम सिंह, शिवबिलाश सिंह, राहुल सिंह, कुंती, प्रेमा, राजू आदि ने बताया कि ठेकेदार को हमने मना भी किया कि खड़ंजे के ऊपर मिट्टी न डलवाओ नहीं तो बरसात में हम लोगों का निकलना दूभर हो जाएगा लेकिन ठेकेदार ने हमारी बात नहीं माना और मिट्टी डलवाकर काम बंद कर दिया। ठेकेदार की लगभग 150 बोरी सीमेंट खुले में बराबर बरसात के पानी में भीग रही है अब अगर ये सीमेंट सड़क निर्माण में लगाई गई तो सड़क कैसे मजबूत होगी। पूरे गांव के लोग रास्ते में मिट्टी पड़ने से निकलने में परेशान होते हैं और गिरने का खतरा भी रहता है। सपा नेता पुष्पेंद्र सिंह चुनाले ने गौरी खुर्द में जाकर देखा कि मिट्टी पड़ने और सीसी सड़क न बनने से गांव के लोग भारी परेशानी में हैं। जिले के सक्षम अधिकारियों से ग्रामीणों और पुष्पेंद्र सिंह चुनाले ने मांग किया है कि इस रोड का निर्माण जल्द से जल्द मानक के अनुसार करवाया जाए और जो सीमेंट खुले में रखी है उसे इसमें न लगवाया जाए।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











