बीमा ठगी का जाल: खतौनी में हेराफेरी करके लाखों डकारे, झांसी पुलिस ने गैंग दबोचा
तेजस टूडे ब्यूरो मुकेश तिवारी झांसी। जनपद में फर्जी दस्तावेजों के सहारे बीमा कंपनियों को चूना लगाने वाले गिरोह का झाँसी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गरौठा और प्रेमनगर थाना पुलिस की कार्रवाई में अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। गिरोह किसानों की जमीन के रिकॉर्ड में हेरफेर कर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फर्जी क्लेम उठाता था। खतौनी बदलकर ठगी, उपकरण बरामद गरौठा थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान सूचना पर लखेरी नदी पुल से पारस नायक और भूपेंद्र सिंह राजपूत को दबोच लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी प्रमाण पत्र तैयार कर खतौनी में नाम व रकबा बदलते थे और बीमा राशि हड़प लेते थे। पुलिस ने इनके पास से कंप्यूटर सेट और प्रिंटर बरामद किया है जिनसे दस्तावेजों में एडिटिंग की जाती थी।
प्रेमनगर पुलिस ने दबोचा मुख्य आरोपी इधर, प्रेमनगर थाना पुलिस ने वांछित आरोपी रितिक तिवारी उर्फ रानू को डगरिया तिराहा से गिरफ्तार किया। आरोपी ने फर्जी भूमि प्रपत्र लगाकर करीब 1.64 लाख रुपये का बीमा क्लेम लिया था। ऐसे चलता था गिरोहपुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह लोगों को बहला-फुसलाकर उनके बैंक व पहचान पत्र हासिल करता था। इसके बाद खतौनी में बदलाव कर फर्जी दस्तावेज बीमा पोर्टल पर अपलोड किए जाते थे। क्लेम की रकम आने पर पीड़ितों को थोड़ा हिस्सा देकर बाकी रकम आपस में बांट ली जाती थी। बीमा कंपनी कनेक्शन भी जांच के घेरे में पूछताछ में बीमा कंपनी से जुड़े एक कर्मचारी की भूमिका भी सामने आई है जिसने आरोपियों को नेटवर्क से जोड़ा। पुलिस अब पूरे रैकेट की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस का दावा: जल्द और गिरफ्तारियां एसएसपी के निर्देशन में चल रही इस कार्रवाई को लेकर पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां की जायेंगी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।