फाइलेरिया पर वार, डीएम ने दवा खाकर दिया बचाव का संदेश
डीएम की अपील: फाइलेरिया का स्थायी उपचार नहीं, बचाव के लिये दवा का सेवन जरूरी

तेजस टूडे ब्यूरो
नन्द कुमार मिश्रा
लखीमपुर खीरी। फाइलेरिया मुक्त जनपद बनाने की मुहिम का बुधवार को आगाज हो गया। डीएम अंजनी सिंह ने स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर विशेष अभियान की शुरुआत किया। उन्होंने आमजन को संदेश दिया कि फाइलेरिया से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका निर्धारित दवा का सेवन है। अभियान 19 नवंबर से सात दिसंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान एक वर्ष से अधिक आयु के पात्र लोगों को स्वास्थ्यकर्मियों की देखरेख में दवा खिलाई जाएगी। डीएम ने कहा कि तराई क्षेत्र में स्थित होने के कारण जनपद में मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बना रहता है। फाइलेरिया से बचाव के लिए जागरूकता के साथ सामूहिक रूप से दवा का सेवन करना जरूरी है।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील किया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों के सामने निर्धारित दवा का सेवन अवश्य करें और परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारी से ग्रसित व्यक्तियों को फाइलेरिया रोधी दवा नहीं दी जाएगी। फाइलेरिया का संक्रमण होने के बाद इसका स्थायी इलाज संभव नहीं है। ऐसे में बीमारी से बचाव के लिए समय पर दवा का सेवन ही सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिकाधिक पात्र लोगों तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने कहा कि फाइलेरिया मुक्त जनपद बनाने की जिम्मेदारी केवल स्वास्थ्य विभाग की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की है। अभियान में जनभागीदारी से ही निर्धारित लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और स्वास्थ्यकर्मियों का सहयोग करने की अपील किया।
बेहजम, पसगवां एवं फूलबेहड़ में भी शुरू हुआ अभियान
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहजम में राजरानी माता शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज के प्रबंधक राजेश गुप्ता और डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रमोद वर्मा ने संयुक्त रूप से फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान स्कूली बच्चों को भी दवा का सेवन कराया गया। अधिकारियों ने लोगों को फाइलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करने की अपील की। पसगवां। यहां ग्राम प्रधान प्रभा गुप्ता ने अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने ग्रामीणों से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने और पात्र लोगों को दवा सेवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। फूलबेहड़ में खंड विकास अधिकारी ने फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की शुरुआत किया। उन्होंने ग्रामीणों से जागरूकता के साथ अभियान में सहयोग करने और निर्धारित दवा का सेवन सुनिश्चित करने की अपील किया।







