क्रय केन्द्रों पर किसानों को हो रही समस्याओं को लेकर सपा पदाधिकारियों ने सौंपा ज्ञापन

तेजस टूडे ब्यूरो
चुन्नन खां
पीलीभीत। क्रय केंद्रों पर किसानों को हो रही समस्याओं के संबंध में समाजवादी पार्टी बीसलपुर के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि सरकारी धान क्रय केंद्रों के देरी से शुरू होने के कारण किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को अपनी उपज व्यापारियों के हाथों कम दामों पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इसके अलावा धान की तौल में तेजी लाने, टोकन व्यवस्था दुरुस्त करने, किसानों का तत्काल सत्यापन कराने तथा खतौनी में अंश संबंधी त्रुटियों को दूर करने की मांग उठाई गई। इस दौरान सपा नेता डॉ. रत्नेश गंगवार ने कहा कि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए सरकारी क्रय केंद्रों पर परेशान होना पड़ रहा है। खतौनी में अंश संबंधी गड़बड़ियों के कारण किसानों को लेखपालों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। वहीं, मंडी समिति बीसलपुर में भी धान खरीद सुचारु रूप से नहीं हो पा रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि धान क्रय केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएं, किसानों का सत्यापन समय से कराया जाए और उनकी उपज की उचित मूल्य पर खरीद सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े। सपा पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों की समस्याओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन को किसानों की परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए उनका शीघ्र निस्तारण कराना चाहिए, जिससे किसानों को राहत मिल सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान रामप्रताप गंगवार, विधानसभा अध्यक्ष शैलेश शर्मा, सछास जिलाध्यक्ष अभिषेक गंगवार, इश्तयाक मंसूरी, मो. अंसार मंसूरी, बीसलपुर नगर अध्यक्ष बलीउल्लाह खां, विधानसभा बीसलपुर महासचिव डॉ यासीन अंसारी, सछास प्रदेश सचिव वीरेश यादव, द्वारिका सिंह चौहान, रूप सिंह, राम सिंह गंगवार, मीनाक्षी गंगवार सहित समाजवादी पार्टी के तमाम पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।







