नहर में मिला युवक का शव, मचा हड़कम्प

तेजस टूडे ब्यूरो
चुन्नन खां
पीलीभीत। जनपद के थाना जहानाबाद क्षेत्र में ग्राम उमरसड़ के निकट कनाकोर नहर में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जहानाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए पीलीभीत भेज दिया है। थाना प्रभारी जहानाबाद जयशंकर सिंह के मुताबिक, कनाकोर नहर में एक अज्ञात युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट को भी बुलाया। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ के बाद मृतक की पहचान अनोखेलाल प्रजापति पुत्र लालाराम, निवासी कुंवरपुर, थाना क्योलड़िया, जनपद बरेली के रूप में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अनोखेलाल रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को ग्राम उमरसड़ स्थित अपनी ससुराल आए थे। बताया गया है कि रविवार शाम को वह ससुराल से निकले थे, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल रहा था। पुलिस के अनुसार, मृतक की जेब से सल्फास पाउडर भी मिला है। पारिवारिक विवाद की बात भी सामने आई है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।







