जमोहरा दोहरे हत्याकाण्ड में छह और गिरफ्तार

  • जमोहरा दोहरे हत्याकाण्ड में छह और गिरफ्तार

  • अब तक 11 आरोपी आ चुके हैं पुलिस की गिरफ्त में, एक मुठभेड़ में हुआ था घायल

तेजस टूडे ब्यूरो
प्रमोद गोस्वामी
संत कबीर नगर। मेंहदावल थाना क्षेत्र के जमोहरा गांव में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह और वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार किया गया था। पुलिस की लगातार कार्रवाई से मामले में आरोपियों की धरपकड़ तेज हो गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश यादव, अजय यादव, राजेश यादव, मुरलीधर यादव, इन्द्रेश यादव और शुभम यादव के रूप में हुई है। सभी जमोहरा गांव के टोला महुअवा के निवासी हैं। ये आरोपी 18 नवंबर को अपने को निर्दोष साबित करने के उद्देश्य से पुलिस कार्यालय में अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत होने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान एसओजी टीम ने उन्हें पूछताछ के लिए पुलिस लाइन लाया। बाद में मेंहदावल पुलिस ने रात आठ बजे उन्हें हिरासत में ले लिया।
गौरतलब है कि 15 नवंबर को पुरानी रंजिश को लेकर जमोहरा गांव के बाहर खेत की जुताई कर रहे प्रहलाद यादव, रामकेश यादव, सहसराम यादव और घनश्याम यादव पर लाठी-डंडे, बल्लम, फरसा और अवैध असलहों से हमला किया गया था। इस घटना में प्रहलाद यादव और रामकेश यादव की मौत हो गई थी जबकि सहसराम यादव और घनश्याम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के संबंध में मेंहदावल थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं।
पुलिस अधीक्षक संदीप मीना के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक सुशील सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, प्रभारी निरीक्षक रामाज्ञा सिंह और एसओजी टीम के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। मामले में शेष वांछित अभियुक्तों की तलाश जारी है। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।