शांता सिद्धि चैरिटेबल ट्रस्ट ने दिव्यांग बच्ची को दिया व्हीलचेयर

तेजस टूडे ब्यूरो
मुम्बई। सामाजिक संस्था शांता सिद्धि चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से हाजी अली स्थित अखिल भारतीय शारीरिक चिकित्सा एवं पुनर्वास संस्थान परिसर में जरूरतमंद दिव्यांग बच्चों की सहायता के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जोगेश्वरी निवासी 11 वर्षीय आराध्या दुबे को व्हीलचेयर प्रदान की गई। ट्रस्ट के सचिव भूषण जैक ने आराध्या को व्हीलचेयर प्रदान करते हुए कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के जरूरतमंद दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराना और उन्हें उचित सहयोग देना ट्रस्ट की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सक्षम लोगों की सेवा और सहयोग तो सभी करते हैं, लेकिन समाज के दिव्यांगजनों की सेवा करना सच्ची जनसेवा है। दिव्यांगजनों की मदद करना पुण्य का कार्य है। जैक ने बताया कि आराध्या स्पास्टिक क्वाड्रिप्लेजिया नामक बीमारी से पीड़ित है। उसके पिता ऑटो रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में व्हीलचेयर मिलने से बच्ची को दैनिक जीवन में सहूलियत मिलेगी। इस अवसर पर अखिल भारतीय शारीरिक चिकित्सा एवं पुनर्वास संस्थान के निदेशक डॉ. चंद्रशेखर तलीकर, सोशल वर्क विभाग की प्रमुख अंजना नेगलूर, शांता सिद्धि चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारी संजय कुलकर्णी सहित ट्रस्ट के कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।







