टोला खंगारन मौरंग खदान में ओवरलोडिंग का आरोप, जांच के निर्देश

तेजस टूडे ब्यूरो
बृजेन्द्र कुमार
राठ, हमीरपुर। स्थानीय तहसील क्षेत्र के टोला खंगारन स्थित मौरंग खदान खंड संख्या छह में ओवरलोडिंग और बिना वैध रवन्ना (एम एम11) के मौरंग से लदे ट्रकों के निकलने के आरोप लगाए गए हैं। मामले में धर्मकांटा और निगरानी के लिए लगाए गए पीटीजेड कैमरों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए हैं। प्रकरण का संज्ञान लेते हुए थाना पुलिस को जांच कर राजस्व विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।आरोप है कि खदान से ओवरलोड ट्रक निकलकर सड़कों और हाईवे पर दौड़ रहे हैं। इससे गांवों की सड़कों और राजमार्गों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। साथ ही बिना एमएम-11 के खनिज परिवहन से सरकारी राजस्व को नुकसान होने की भी बात कही जा रही है। मामले में यह भी आरोप लगाया गया है कि ओवरलोडिंग रोकने के लिए खदान में लगाए गए धर्मकांटे के बावजूद निर्धारित वजन से अधिक मौरंग लदे ट्रक निकल रहे हैं। निगरानी के लिए लगाए गए पीटीजेड कैमरों की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठाए गए हैं। वहीं अवैध खनन और ओवरलोडिंग रोकने के लिए तहसील स्तर पर गठित टीम की निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए गए हैं। शिकायत में मुख्यमंत्री के जीरो पॉइंट से लोडिंग संबंधी निर्देशों का पालन नहीं होने का आरोप भी लगाया गया है।अब पुलिस और राजस्व विभाग की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







