दर्शनार्थियों से भरी स्कॉर्पियो ने ट्रक में मारी टक्कर, 11 हुये घायल
निलेश त्रिपाठी
मिर्जामुराद, वाराणसी। स्थानीय थाना क्षेत्र के तमाचाबाद (कछवा रोड) स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग—19 पर शुक्रवार की दोपहर विंध्याचल से दर्शन कर लौट रहे दर्शनार्थियों से भरी स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई जिसमें कार में सवार कुल 11 लोग घायल हो गये।
जानकारी के अनुसार मऊ जिले के मुहम्मदाबाद थाना अंतर्गत सैदपुर निवासी संतोष कुमार परिवार के 11 सदस्यों के साथ स्कॉर्पियो में सवार होकर मिर्जापुर जनपद स्थित मां विंध्यवासिनी के दर्शन हेतु गए हुए थे।

दर्शन करके वापस लौटते समय मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के तमाचाबाद (कछवा रोड) स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के निकट स्कॉर्पियो कार असंतुलित हो सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। दुर्घटना में कार सवार महिमा चौहान, अजय चौहान, संतोष, उषा, अंशिका, उमा, भूपेंद्र, प्रियंका, प्रशांत, शीला, उपेंद्र, समेत कुल 11 लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंचे कछवा रोड चौकी प्रभारी अतुल मिश्रा ने ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को उपचार हेतु एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां महिमा चौहान की हालत नाजुक होने के कारण उनको ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। इधर पुलिस के पहुंचने से पहले ही चालक ट्रक कंटेनर लेकर भागने में सफल रहा। स्थानीय लोगों की माने तो जिस जगह पर दुर्घटना हुई है वह जगह दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र हो गया है। दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र होने का यही कारण है कि तमाम ट्रकें सड़क पर ही पार्क कर दी जाती हैं जिसकी वजह से जाम व दुर्घटनाएं हो रही हैं।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।









