जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील सदर में हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस

तेजस टूडे ब्यूरो
अमित त्रिवेदी
हरदोई। तहसील सदर में जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान उन्होंने जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य की शिकायतों का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक शिकायत का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थलीय जांच की आवश्यकता हो, उनमें संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर जांच करें और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें। सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण की प्रभावी कार्रवाई करने तथा शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिये।









