दहेज की मांग में विवाहिता को अपनाने से इनकार, मुकदमा दर्ज
तेजस टूडे सं.
सतीश कुमार/मंगला यादव
बड़ागांव, वाराणसी। स्थानीय थाना क्षेत्र स्थित रसुलपुर गांव निवासिनी एक युवती की शादी जौनपुर के केराकत थाना अंतर्गत चौरा गांव निवासी लुकमान अंसारी के पुत्र शादाब अंसारी के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी।
शादी में एक लाख इक्यावन हजार रुपये नगद और घर गृहस्थी का सामान दिया गया था। शादी के कुछ माह बाद पति की नौकरी विदेश में लग गई और वह विदेश चला गया। पति की नौकरी लगने के बाद ससुराल पक्ष के लोगों की मांगें बढ़ने लगीं। वे दहेज में चार पहिया वाहन की मांग करने लगे। जब दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता को तरह-तरह की यातनाएं देनी शुरू कर दीं। विवाहिता के शरीर के रंग को लेकर भी ताने मारने लगे। जब परिजनों ने हस्तक्षेप किया और पंचायत की, तो पति शादाब अंसारी, सास नूर आयशा, ससुर लुकमान अंसारी और ननद रोजी और जन्नत ने विवाहिता को अपनाने से इंकार कर दिया। विवाहिता को न्याय दिलाने के लिए परिजनों ने पुलिस आयुक्त वाराणसी को प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस आयुक्त के आदेश पर स्थानीय पुलिस ने पति शादाब अंसारी, सास नूर आयशा, ससुर लुकमान अंसारी और ननद रोजी और जन्नत के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।






