बीज भण्डारों पर छापा, 5 फसलों के बीज के लिये नमूने

तेजस टूडे ब्यूरो
बृजेन्द्र कुमार
सुमेरपुर, हमीरपुर। स्थानीय कस्बे में किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने के लिए कस्बे में तीन बीज भंडारों पर छापेमारी की गई। नायब तहसीलदार ने गेहूं,सरसों,मसूर,मटर और चना के बीजों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। जिलाधिकारी अशोक कुमार के निर्देश पर नायब तहसीलदार रमेश चंद्र नामदेव ने कस्बे में संचालित मिलन बीज भंडार, आनंद बीज भंडार और पारस बीज भंडार का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न फसलों के बीजों के नमूने लिए गए।नायब तहसीलदार ने बताया कि जिलाधिकारी के स्तर से गठित टीम किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जांच अभियान चला रही है। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बीजों की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जा सकती है।बीज भंडारों पर हुई इस कार्रवाई से कस्बे के बीज विक्रेताओं में हलचल रही।







