जनसमस्याओं को लेकर 19 नवम्बर को होगा विशाल धरना-प्रदर्शन

  • जनसमस्याओं को लेकर 19 नवम्बर को होगा विशाल धरना-प्रदर्शन

तेजस टूडे सं.
सन्दीप पाण्डेय
डलमऊ, रायबरेली। स्थानीय क्षेत्र की विभिन्न प्रमुख जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर आगामी 19 नवंबर 2026 को विशाल धरना-प्रदर्शन की तैयारी शुरू कर दी गई है। धरना प्रदर्शन को लेकर मुराई बाग चौराहे पर होर्डिंग भी लगाई गई है और लोगों से जनसंपर्क कर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर जन समस्या से जुड़े आंदोलन को सफल बनाने की अपील भी की जा रही है। मुराई बाग मुख्य चौराहे पर लगी होर्डिंग में धरना प्रदर्शन के माध्यम से सड़क, रेलवे एवं जन समस्याओं से जुड़ी तीन प्रमुख मांगों को प्रमुखता से दर्शाया गया है। धरना प्रदर्शन के आयोजक संतोष यादव ने बताया कि मुराई बाग डलमऊ राज्यमार्ग पर एसएच -13 ए स्थित रेलवे समपार संख्या 61 बी पर रेलवे उपरिगामी सेतु का निर्माण, रायबरेली-फतेहपुर राजमार्ग पर बाईपास का निर्माण तथा डलमऊ रेलवे स्टेशन के पास लगभग पांच बीघे भूमि पर स्थित ऐतिहासिक इंदिरा पार्क का सुंदरीकरण कराए जाने को लेकर आगामी 19 नवंबर को जन सहयोग से विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की प्रमुख जन समस्याओं को देखते हुए इन कार्यों को कराया जाना अति आवश्यक है जिससे मुराई बाग कस्बे में लगने वाले भयंकर जाम से लोगों को राहत मिल सके। पार्क के विकास एवं सुंदरीकरण से क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित एवं विकसित करने के साथ साथ लोगों को स्वच्छ एवं सुंदर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हो सकेगा। संतोष यादव ने बताया कि जनहित से जुड़ी इन समस्याओं को लेकर होने वाले धरना प्रदर्शन की सूचना पहले ही शासन-प्रशासन को दे दी गई है।