फंदे पर लटके युवक की पीआरवी टीम ने बचायी जान, एसएसपी ने किया सम्मानित
तेजस टूडे सं.
राहुल तिवारी
अलीगढ़। संकट की घड़ी में तत्परता दिखाते हुए PRV-5312 की टीम ने फंदे पर लटके एक युवक की जान बचा ली। पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए युवक को फंदे से नीचे उतारा और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इगलास पहुंचाया। समय पर इलाज मिलने से युवक की जान बच गई। घटना 23 अक्टूबर की है। डायल-112 पर युवक के फंदे पर लटके होने की सूचना मिलते ही PRV-5312 के कमांडर मुख्य आरक्षी योगेश कुमार और पायलट मुख्य आरक्षी चालक मनोज उपाध्याय तत्काल मौके पर पहुंचे। दोनों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। पुलिसकर्मियों के इस सराहनीय कार्य पर एसएसपी नीरज जादौन ने दोनों को सम्मानित किया। PRV-5312 को ‘PRV ऑफ द डे’ चुना गया और दोनों पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र के साथ 5-5 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। अधिकारियों ने इस उपलब्धि को पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जिम्मेदारी का उदाहरण बताते हुए अन्य कर्मियों से भी इसी तरह संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने की अपेक्षा किया।











