पुणे में चलती इलेक्ट्रिक शिवाई बस में लगी भीषण आग
17 यात्रियों की बाल-बाल बची जान
तेजस टूडे ब्यूरो
राजू पाल
भिवंडी, मुम्बई। महाराष्ट्र के पुणे शहर में स्वारगेट के निकट चलती इलेक्ट्रिक शिवाई बस में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। बस में सवार 17 यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई लेकिन चालक की सतर्कता और तत्परता से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस अपने निर्धारित मार्ग पर चल रही थी तभी उसमें अचानक आग लग गई। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने तत्काल बस रोककर यात्रियों को बाहर निकलने में मदद की कुछ ही समय में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बस से उठती आग की लपटों और धुएं के कारण आसपास मौजूद लोगों में भी दहशत फैल गई।
घटना के बाद इलेक्ट्रिक बस में आग लगने के कारणों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित अधिकारियों द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आग तकनीकी खराबी, विद्युत प्रणाली में गड़बड़ी अथवा किसी अन्य कारण से लगी। इस घटना ने सार्वजनिक परिवहन में संचालित इलेक्ट्रिक बसों की सुरक्षा व्यवस्था, नियमित तकनीकी निरीक्षण और आपातकालीन परिस्थितियों में यात्रियों की सुरक्षित निकासी की तैयारियों को लेकर एक बार फिर ध्यान आकर्षित किया है फिलहाल सभी 17 यात्रियों के सुरक्षित बच निकलने से बड़ी जनहानि टल गई।











