बहराइच के लाल अर्नव ने रचा स्वर्णिम इतिहास

  • बहराइच के लाल अर्नव ने रचा स्वर्णिम इतिहास

  • 41वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स में नया राष्ट्रीय रिकार्ड बनाकर जीता गोल्ड मेडल

तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। खेल के मैदान से बहराइच समेत पूरे उत्तर प्रदेश के लिए एक बेहद गौरवशाली खबर सामने आई है। चेन्नई तमिलनाडु के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित 41वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जिले के होनहार एथलीट अर्नव सिंह ने अपने धमाकेदार प्रदर्शन से स्वर्णिम इतिहास रच दिया है। अर्नव ने अंडर-16 बालक वर्ग के पेंटाथलॉन इवेंट में 4178 अंक के साथ देश भर के दिग्गज खिलाड़ियों को पछाड़ते हुए न केवल शीर्ष स्थान हासिल किया, बल्कि एक नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित कर सोने का तमगा अपने नाम किया हैं।
डिस्ट्रिक्ट एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव अटल सिंह ने बताया कि अर्नव सिंह शहर के प्रतिष्ठित महाराज सिंह इंटर कॉलेज में कक्षा 9 के छात्र हैं। वे निरंतर अपनी खेल प्रतिभा से जनपद का मान बढ़ा रहे हैं। इसके पहले भी अर्नव ने एसजीएफआई (SGFI) नेशनल प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल, नॉर्थ जोन प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में कई स्वर्ण पदक जीतकर अपनी चमक बिखेर चुके है। अर्नव की यह ऐतिहासिक जीत उनके खेल करियर में मील का पत्थर साबित होगी। रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के बाद अब उनकी निगाहें आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं पर टिकी हैं जिसके लिए वे जी-तोड़ मेहनत में जुटे हैं। अर्नव ने अपनी जीत का श्रेय माता श्रीमती लक्ष्मी सिंह, पिता अश्वनी सिंह अपने कोच आतम सिंह व भागवीर सिंह को दिया है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह सहित खेल प्रेमियों और शहर के तमाम गणमान्य लोगों ने अर्नव को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना किया। अर्नव की इस कामयाबी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि यदि हौसले बुलंद हों तो छोटे शहरों और ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय पटल पर नया इतिहास रच सकती हैं।