डीएम ने अस्पताल पहुंचकर बढ़ाया हौंसला, 50 हजार की मदद का ऐलान
तेजस टूडे ब्यूरो
एनके मिश्रा
लखीमपुर खीरी। धौरहरा रेंज में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बंद पड़े ईंट-भट्ठे में राख निकालने गए युवक पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। नयापुरवा निवासी 35 वर्षीय मिही लाल ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए तेंदुए से भिड़कर न सिर्फ अपनी जान बचाई, बल्कि उसे पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। इस संघर्ष में मिही लाल घायल हो गया, वहीं तेंदुए के हमले में वन विभाग का एक कर्मचारी फॉरेस्ट गार्ड राजेश दीक्षित भी जख्मी हुआ।
बुधवार को जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने जिला चिकित्सालय ओयल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। उन्होंने मिही लाल की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि आपने जो साहस दिखाया है, वह अनुकरणीय है। प्रशासन आपकी हर संभव मदद करेगा। डीएम ने मौके पर ही मिही लाल को 50,000 की सहायता प्रदान किए जाने की घोषणा की। डीएम ने घायल फॉरेस्ट गार्ड राजेश दीक्षित से भी बात कर हौसला अफजाई की और चिकित्सकों से दोनों के मेडिकल ट्रीटमेंट की जानकारी ली। उन्होंने समुचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मिही लाल ने डीएम को पूरी आपबीती सुनाई।
इस दौरान जिलाधिकारी ने उसके परिजनों से भी मुलाकात की, उन्हें ढांढस बंधाया और हर जरूरी मदद का भरोसा दिलाया। समाचार लिखे जाने तक डीएम की ओर से घोषित 50 हजार की मदद मिही लाल को प्रदान कर दी गई है। इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी उत्तरी सौरीष सहाय, सीएमएस आरके कोली मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।