पति के सामने ही मार दी गोली, तड़पते हुये निकली जान
संतोष तिवारी
मैनपुरी। थाना भोगांव क्षेत्र के गांव छाछा में मायके आई विवाहिता की गांव के ही युवक ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के समय पति घर में ही मौजूद था। आरोपी विवाहिता से एकतरफा प्रेम करता था। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रहीं हैं। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव छाछा निवासी अनुसूचित जाति के जोगेंद्र सगर की पुत्री अंजू (26) को गांव निवासी कुलदीप यादव परेशान करता था। वह अंजू से एकतरफा प्रेम करता था। इस बीच जोगेंद्र ने चार माह पूर्व पुत्री की शादी थाना कुरावली क्षेत्र के गांव हटऊ निवासी अजीत कुमार के साथ कर दी थी।
शुक्रवार को अंजू अपने मामा सुनील कुमार के साथ मायके आई थी। शनिवार की दोपहर पति व मां घर में मौजूद थे। आरोप है कि तभी कुलदीप यादव तमंचा लेकर घर में घुस आया। अंजू को सामने देख वह साथ चलने के लिए कहने लगा। अंजू ने जब मना किया तो कनपटी में गोली मार दी। गोली लगने के बाद अंजू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से भाग निकला। अंजू को परिजन अस्पताल भी ले गये लेकिन वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होने के बाद एसपी कमलेश दीक्षित ने गांव पहुंचकर जानकारी ली। घटना के समय घर में मौजूद मृतका की छोटी बहन काजल से भी बात की। एसपी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की। टीमें आरोपी कुलदीप की तलाश में दबिश दे रही हैं।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।