घर में अकेली विवाहिता की सिर कूचकर हत्या | #TejasToday
बरसठी, जौनपुर। थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार की रात अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर विवाहिता की रॉड और ईंट से सिर कूचकर हत्या कर दी। विवाहिता के अस्त-व्यस्त कपड़े देख दुष्कर्म की भी आशंका जताई जा रही है। विवाहिता घर में अकेली रहती थी। पति मुंबई में रहता है। सुबह घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई है।
एक गांव निवासी युवक मुंबई में रहकर रोजगार करता है। गांव पर घर में उसकी 26 वर्षीय पत्नी अकेले रहती थी। रविवार की रात अज्ञात बदमाश घर में घुस गए। वहां विवाहिता की रॉड और ईंट से सिर कूचकर हत्या कर दी। सुबह पास-पड़ोस के लोगों ने देखा कि घर का दरवाजा खुला है और जगह-जगह खून गिरा है। जब वह घर के अंदर गए तो वहां बिस्तर पर विवाहिता को मृत देख सन्न रह गए।
उसके चेहरे को बुरी तरह कूंच दिया गया था। शरीर के कपड़े अस्त-व्यस्त थे। सूचना पर एसओ मुन्नाराम धुसिया मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है। एसओ के मुताबिक शव की हालत देखने से लग रहा कि हत्या से पहले विवाहिता से दुष्कर्म किया गया है। छानबीन की जा रही है। पति और रिश्तेदारों को सूचना दी गई है। जल्द ही यह गुत्थी सुलझा ली जाएगी।
जौनपुर के सुजानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार की रात एक किशोरी से दो युवकों ने दुष्कर्म किया। किशोरी बेहोशी की हालत में घर से कुछ दूर मिली। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो युवकों पर केस दर्ज कर लिया। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति रविवार की रात शादी समारोह में शामिल होने गया था। परिवार के अन्य लोग रिश्तेदारी में गए थे। घर में बेटी (14) अकेली थी। आरोप है कि रात में गांव के दो युवक उसे घर से उठाकर झाड़ी में ले गए। वहां दुष्कर्म के बाद उसे बेहोश छोड़कर फरार हो गए।
देर रात पिता घर आया तो बेटी को न पाकर खोजबीन शुरू की। थोड़ी दूर बगीचे में वह बेहोश मिली। होश में आने पर उसने आपबीती बताई। थानाध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि मामले में दो आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। उनकी तलाश की जा रही है।