जाम रोकने के लिए पार्किंग की करें समुचित व्यवस्था: डीएम
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने कहा कि ऑटो, टैक्सी, वाहन स्टैण्ड के लिए भूमि चिन्हित करने का कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए। सभी स्टैण्ड पर पेयजल, शौचालय, शेड, इंटरलाॅकिंग आदि के कार्य को शीघ्र पूर्ण करने हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने कहा कि शहर समेत नगर पालिका क्षेत्रों में गन्दगी की शिकायत को हर हाल में दूर करना है। कूड़े के ढेर दिखना बन्द होना चाहिए। जिलाधिकारी लोक सभागार में नगर निकायों के कार्यो की प्रगति समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।उन्होंने कहा कि शहर में सड़कों पर जाम को रोकने के लिए पार्किंग, आटो स्टैण्ड आदि की समुचित व्यवस्थाएं तैयार करनी होगी। जनपद के समस्त नगर पालिका क्षेत्रों में उन्हें आटो, बस, वाहन स्टैण्ड के बोर्ड दिखने चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां कहीं आटो स्टैण्ड आदि के लिए स्थान चिन्हित है और आटो वहां पर नहीं खड़े हो रहे हैं तो उनका चालान किया जाए। टैम्पो टैक्सी स्टैण्ड के प्रस्ताव सभी नगर पंचायतों से आने चाहिए। शहर के सभी हिस्सों में सफाई की व्यवस्था को अधिक सुचारू बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जगह जगह कूड़े के ढेर और प्लास्टिक आदि का कचरा अभी भी दिख जाता है, इसे हर हाल में ठीक किया जाए। फॅागिंग के कार्य से लेकर सफाई के कार्य में और अधिक चुस्ती और सतर्कता की आवश्यकता है।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।















