सर्दियों में बढ़ सकता है जोड़ों का दर्द एवं अकड़न
ठण्ड के मौसम में बुजुर्गों एवं जोड़ों के दर्द से परेशान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत: डा. ओम

तेजस टूडे ब्यूरो
आरएल पाण्डेय
लखनऊ। सर्दियों का मौसम शुरू होते ही कई लोगों को घुटनों, कमर, गर्दन और कंधों में दर्द तथा मांसपेशियों में अकड़न की शिकायत बढ़ने लगती है। खासकर बुजुर्गों, गठिया से पीड़ित व्यक्तियों व लंबे समय से शारीरिक दर्द से परेशान लोगों को इस मौसम में अधिक परेशानी हो सकती है। फिजियोथेरेपी विशेषज्ञ डॉ. ओम जी तिवारी के अनुसार ठंड के मौसम में शारीरिक गतिविधियां कम हो जाती हैं जिसके कारण मांसपेशियों और जोड़ों में जकड़न महसूस हो सकती है। ऐसे में नियमित व्यायाम, सही शारीरिक मुद्रा और विशेषज्ञ की सलाह से फिजियोथेरेपी काफी लाभकारी हो सकती है।
सर्दियों में इन बातों का रखें विशेष ध्यान
सुबह उठते ही अचानक भारी काम या व्यायाम न करें। शरीर को गर्म रखने के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े पहनें। प्रतिदिन हल्की वॉक और नियमित व्यायाम करें। लंबे समय तक एक ही स्थिति में बैठने से बचें। घुटनों, कमर या गर्दन में लगातार दर्द होने पर विशेषज्ञ से परामर्श लें। बिना चिकित्सकीय सलाह के दर्द निवारक दवाओं का सेवन न करें।
फिजियोथेरेपी क्यों है जरूरी?
फिजियोथेरेपी केवल दर्द कम करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य शरीर की कार्यक्षमता बढ़ाना, मांसपेशियों को मजबूत बनाना, जोड़ों की गतिशीलता बनाए रखना और व्यक्ति को सामान्य जीवनशैली में वापस लाना भी है। सही व्यायाम और व्यक्तिगत जरूरत के अनुसार उपचार से मरीजों को बेहतर शारीरिक गतिविधि बनाए रखने में मदद मिल सकती है। डॉ. ओम जी तिवारी को फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में 15 वर्षों का अनुभव है। उनका कहना है कि समय पर सही परामर्श और नियमित फिजियोथेरेपी से अनेक प्रकार की मांसपेशियों और जोड़ों से जुड़ी समस्याओं के प्रबंधन में मदद मिल सकती है। संदेश: सर्दियों में दर्द को उम्र का सामान्य हिस्सा समझकर नजरअंदाज न करें। सक्रिय रहें, नियमित व्यायाम करें और स्वस्थ जीवनशैली अपनायें।







