Jaunpur News: युवती को अगवा करने की धमकी, आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज

  • युवती को अगवा करने की धमकी, आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज

तेजस टूडे सं.
डा. प्रदीप दूबे
सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के अतरडीहा गांव में एक युवती को अगवा करने की धमकी देने और विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता ने गांव के हीं युवक के विरुद्ध पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि 23 सितंबर को आरोपित उसकी बेटी को अपने साथ ले गया था और अगले दिन छोड़ दिया था। लोक—लाज के कारण उस समय उसने कोई कार्रवाई नहीं कराई। आरोप है कि 15 अक्टूबर को आरोपित उसके घर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगा और युवती को दोबारा जबरन ले जाने का प्रयास किया। इस दौरान परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपित को थाने ले गई जहां समझौता होने के बाद मामला शांत हो गया। पीड़ित के मुताबिक बीते 17 अक्टूबर की सुबह आरोपित फिर उसके दरवाजे पर पहुंचा और युवती को जबरन उठा ले जाने की धमकी दी। विरोध करने पर परिवार के सामने ही उसकी हत्या करने की बात कही। शोर सुनकर परिजन पहुंचे तो आरोपित मोटरसाइकिल से चला गया। पीड़ित द्वारा मामले में पुलिस को लिखित दी गई है। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि मामले आरोपित युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।