Jaunpur News : वंचित बच्चों व महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिये बनेगी योजनाः डा. राजीव
Jaunpur News : वंचित बच्चों व महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिये बनेगी योजनाः डा. राजीव
संस्थान में 900 बच्चों को शिक्षा दीक्षा देने का किया जा रहा कार्य
विनोद कुमार
केराकत, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के डेहरी गांव में प्रधान प्रतिनिधि फरहान अहमद के नेतृत्व में रविवार की दोपहर विशाल भारत संस्थान संगठन की विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में बतौर मुख्य अतिथि विशाल भारत संस्थान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. राजीव गुरूजी ने विशाल भारत संस्थान के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर निर्णय लिया कि केराकत क्षेत्र में विशाल भारत संस्थान सेवा द्वारा अनाज बैंक खोला जाय जिससे भूख से पीड़ित वांछित परिवारों को मदद मिल सके। कोई भी गरीब असहाय बच्चा भूखा न सो सके।
साथ ही ऐसे बच्चों की शिक्षा और महिलाओं के सशक्तिकरण के साथ मुसहर समुदाय के विकास के लिये सेवा योजना की शुरुवात की जायेगी। उन्होंने कहा कि विश्व के पहले अनाज बैंक का विस्तार पटल केराकत क्षेत्र में खोला जा रहा है, जहाँ किसी भी परिस्थिति में भूख से पीड़ितों की मदद की जा सके। साथ ही उनको शोषण मुक्त समाज दिया जा सके। सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने एवं साम्प्रदायिक एकता हेतु निरन्तर कार्य संस्थान करती रहेगी। गुरूजी ने बताया कि संस्थान की शुरुवात 1988 से किया गया है। आज देश भर में संस्थान काम कर रही है। हमारे संस्थान में 900 से अधिक बच्चों को शिक्षा दीक्षा दी जा रही है।
संस्थान में मानवता की सेवा से लेकर राष्ट्र की सेवा के लिये देशसेवक तैयार किये जा रहे हैं, जो किसी भी आपदा के समय सरकार की मदद के लिये तैयार रहेंगे। गांवों में हमारे प्रशिक्षित सामाजिक कार्यकर्ता तैयार किये जायेंगे जो किसी भी समय पीड़ित व्यक्तियों की मदद कर सके। कार्यक्रम में पहुंची विशाल भारत संस्थान की राष्ट्रीय महासचिव अर्चना भारतवंशी ने बताया कि केराकत क्षेत्र में सेवा विस्तार योजना के तहत सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जायेगा। प्रधान प्रतिनिधि फरहान अहमद ने लगभग एक दर्जन से अधिक गाड़ियों के काफिलों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. राजीव श्रीगुरूजी का गर्मजोशी से केराकत के सरायबीरू चौराहे पर स्वागत कर डेहरी गांव में आजम खान के घर तक नारा लगाते हुए ले जाया गया।
गर्मजोशी से स्वागत से गदगद हुए डा. राजीव ने आयोजक समेत समस्त ग्रामीणों का आभार प्रकट किया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सीओ चोप सिंह व क्राइम इंस्पेक्टर दिग्विजय सिंह समेत भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रही। इस अवसर पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दिनेश चौधरी, मुस्लिम महिला फाउण्डेशन की अध्यक्ष नाजनीन अंसारी, अजय सिंह, ओम प्रकाश पाण्डेय, ओपी सिंह, मो. अजहरुद्दीन, मोज्जमिल, इरफान, आजम खान, किबेरिया आदि मौजूद रहे।