नहीं रहे तारा कान्वेंट गर्ल्स इण्टर कालेज के संस्थापक मोती लाल
शिक्षा जगत के पुरोधा माने जाते थे स्वर्गीय मौर्य
तेजस टूडे सं.
जौनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के उत्तरी क्षेत्र स्थित शकरमंडी मोहल्ला निवासी 84 वर्षीय मोतीलाल मौर्य अब हमलोगों के बीच नहीं रहे। मंगलवार की शाम अचानक तबीयत ख़राब होने के चलते उनका निधन हो गया। स्वर्गीय मौर्य शिक्षा जगत के पुरोधा माने जाते थे। अंतिम संस्कार बुधवार को रामघाट श्माशन पर किया गया। मुखाग्नि छोटे पुत्र अनिल कुमार मौर्य ने दी। मालूम हो कि स्वर्गीय मौर्य ने वर्ष 1967 में अशोक इंटर कालेज हरखपुर में प्रधानाचार्य पद पर कार्यभार संभाला और वर्ष 2006 तक बहुत ही जिम्मेदारी से अपने कर्तव्य का निर्वहन किया। शिक्षा के पुरोधा माने जाने वाले स्वर्गीय मौर्य का शिक्षा के प्रति इतना लगाव था कि उनके अनुशासन में शिक्षित होकर न जाने कितने छात्र, छात्राएं अच्छे पदों पर आसीन होकर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। अशोक इंटर कालेज के प्रधानाचार्य रहते हुए उन्होंने वर्ष 2000 में तारा कान्वेंट गर्ल्स इंटर कालेज की स्थापना की। जिसमें से शिक्षा ग्रहण करके कइयों छात्राएं आज भी अच्छे पद पर हैं और कुछ अच्छे संस्थान में शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। वर्ष 2006 में अशोक इंटर कालेज से प्रधानाचार्य पद से रिटायर्ड होने के बाद तारा कान्वेंट को उन्होंने इतनी गति दी जो आज जिले में अपनी अलग पहचान बनाये हुए है। परिजनों के मुताबिक मंगलवार की शाम अचानक तबीयत ख़राब होने पर सबसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से बीएस उपाध्याय के यहां ले गए। बावजूद आराम न मिलने पर टियूलिप हॉस्पिटल ले जाया गया। लेकिन ईश्वर को कुछ और मंजूर था। वह अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गए। बड़े पुत्र अरुण कुमार मौर्य फार्मासिस्ट टीबी हॉस्पिटल, छोटे बेटे अनिल कुमार मौर्य स्कूल के प्रधानाचार्य के अलावा पत्नी तारा और पौत्र एवं पौत्री समेत हंसी खुशी परिवार छोड़ गए हैं। निधन की जानकारी मिलते ही शिक्षा जगत के अलावा आसपास के मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ पड़ी। मोहल्ले के अलावा कालेज के स्टाफ एवं अन्य परिचित लोग उनके शकरमंडी आवास पर पहुंच कर शोक जताया। अंतिम संस्कार के समय रामघाट श्मशान घाट पर काफी संख्या में लोग मौजूद रहे। इसके अलावा शकरमंडी स्थित आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वाले पहुंच रहे हैं।











