Jaunpur News : बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी थे डा. काशीनाथ
माता आनन्दमयी अस्पताल पर चिकित्सक की मनी पुण्यतिथि
48 मरीजों का हुआ निःशुल्क आपरेशन व 218 का नेत्र परीक्षण
जौनपुर। नगर के माता आनंदमयी नेत्र चिकित्सालय में गुरुवार को डा. काशीनाथ उपाध्याय की 7वीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस मौके पर 48 गरीबों की आंखों का मुफ्त आपरेशन, दवा, चश्मा दिया गया। नेत्र सर्जन डा. निशांत सिंह व डा. अरविंद गौतम ने 218 लोगों का नेत्र परीक्षण भी किया। साथ ही चिकित्सकद्वय ने कहा कि डा.काशीनाथ उपाध्याय बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी थे। वह आजीवन गरीब-गुरबों की सेवा के प्रति तत्पर रहे। पूर्व विधायक स्व. डा. रामकृष्ण उपाध्याय के पुत्र डा. काशी पेशे से चिकित्सक होने के साथ ही समाजसेवी व दयावान थे।
यही कारण है कि आज भी समाज के लोग उन्हें याद किया करते हैं। भाई पूर्व जिला सूचना अधिकारी त्रिभुवन नाथ उपाध्याय व डा. राकेश उपाध्याय ने कहा कि भैया ने हमेशा गरीबों, मजलूमों की हमेशा निःस्वार्थ भाव से सेवा व आर्थिक मदद की। उनका स्नेह हमेशा उनके साथ रहा। आज लोग उनके किए गए अच्छे कार्यों की चर्चा करते रहते हैं। इस अवसर पर अभिराम दुबे, नेत्र सहायक डा. अभय दुबे, पंकज सोनकर, मुकेश उपाध्याय, दंत चिकित्सक डा. देवव्रत उपाध्याय आदि मौजूद रहे। अन्त में समस्त लोगों के प्रति आभार चिकित्सालय के निदेशक विकेश उपाध्याय व विवेक उपाध्याय ने संयुक्त रूप से व्यक्त किया।