Jaunpur News : डीएम ने सरौनी-पूरब पट्टी गो संरक्षण केन्द्र का किया औचक निरीक्षण
Jaunpur News : डीएम ने सरौनी-पूरब पट्टी गो संरक्षण केन्द्र का किया औचक निरीक्षण
विनोद कुमार
केराकत, जौनपुर। जिलाधिकारी मनीष वर्मा ने स्थानीय विकास खंड की ग्राम पंचायत सरौनी, पूरब पट्टी में बने गौ-संरक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया कि गौ सरंक्षण केंद्र में 233 गोवंश संरक्षित है। केंद्र पर भूसा, हरा चारा और पशुओं को दी जाने वाली सुविधाएं उपलब्ध मिली। गौ संरक्षण केंद्र में बर्मी कम्पोस्ट भी तैयार किया जा रहा है जिसे देखकर उन्होंने खुशी व्यक्त की। जिलाधिकारी द्वारा गोवंशों को गुड़ एवं केला खिलाया गया।
उन्होंने पशु चिकित्सा अधिकारी डा. अजय यादव को निर्देश दिया कि नियमित रूप से गौ संरक्षण केंद्र का निरीक्षण किया जाए और पशुओं का अच्छे से इलाज किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी गोवंश की मृत्यु चारे एवं इलाज के अभाव में न हो। जिलाधिकारी ने गौ संरक्षण केंद्र के चारों तरफ बाउंड्री वॉल बनाने के निर्देश खंड विकास अधिकारी को दिया। उन्होंने गौ सरंक्षण केंद्र के बगल में ग्रीन पार्क के रूप में विकसित करने का निर्देश ग्राम प्रधान को दिया। गांव से मुख्य मार्ग तक कि सड़क को ठीक कराने के निर्देश ग्राम प्रधान को दिया। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा गौ संरक्षण केंद्र परिसर में पंचायती राज विभाग द्वारा 25 लाख की लागत से बन रहे गोबर गैस प्लांट का भी निरीक्षण किया गया।
जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि गो संरक्षण केंद्र से निकलने वाले गोबर से यह गोबर गैस प्लांट चलाया जाएगा और गोबर गैस प्लांट से निकलने वाली ऊर्जा से अगल-बगल के घरों में गैस एवं रोशनी की सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि गोबर गैस प्लांट से जो गोबर निकलेगा उस की उर्वरा शक्ति सामान्य गोबर से ज्यादा होगी। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी केराकत माज अख्तर, जिला विकास अधिकारी बीबी सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. राजेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।