HomeJaunpurJaunpur News: भगवान शिव का धनुष टूटते ही जय श्री राम के...

Jaunpur News: भगवान शिव का धनुष टूटते ही जय श्री राम के जयघोष से गूंज उठा पूरा पण्डाल

  • भगवान शिव का धनुष टूटते ही जय श्री राम के जयघोष से गूंज उठा पूरा पण्डाल

तेजस टूडे सं.
तरुण चौबे
सुजानगंज, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के ग्राम पंचायत मोहरियांव में आदर्श रामलीला धर्म मंडल समिति की ओर से आयोजित पांच दिवसीय रामलीला के दूसरे दिन धनुष यज्ञ से लेकर श्रीराम वनगमन तक की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। भगवान श्रीराम द्वारा भगवान शिव का धनुष तोड़ते ही पूरा पंडाल जय श्री राम के जयघोष से गूंज उठा। उपस्थित दर्शकों ने उत्साह के साथ जयकारे लगाए। रामलीला के दौरान सीता स्वयंवर का दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा। विभिन्न राजाओं के धनुष उठाने में असफल रहने के बाद भगवान श्रीराम ने गुरु विश्वामित्र की आज्ञा से शिव धनुष को उठाकर प्रत्यंचा चढ़ाई जिससे धनुष टूट गया। धनुष टूटते ही पंडाल में मौजूद श्रद्धालु भक्ति और उत्साह से सराबोर हो गए। इसके बाद रामलीला में कैकेयी-मंथरा संवाद और श्रीराम वनगमन का मार्मिक प्रसंग प्रस्तुत किया गया। मंथरा के बहकावे में आकर रानी कैकेयी कोपभवन में चली जाती हैं और राजा दशरथ से अपने दो वरदान मांगती हैं। कैकेयी पहले वरदान में भरत के लिए राजगद्दी और दूसरे वरदान में भगवान श्रीराम के लिए 14 वर्ष का वनवास मांगती हैं।

राजा दशरथ के वचनबद्ध होने पर मंथरा प्रसन्न हो जाती है, जबकि श्रीराम के वनवास की बात सुनकर राजा दशरथ व्याकुल हो उठते हैं। दूसरे दिन की रामलीला का शुभारंभ भावी जिला पंचायत सदस्य, वार्ड नंबर 34, संतोष सिंह ने फीता काटकर किया। मंचन में श्रीराम की भूमिका सिंटू मिश्र, लक्ष्मण की भूमिका अवकाश तिवारी, साजन की भूमिका चंदन मिश्रा, जनक की भूमिका अरविंद तिवारी, राजा दशरथ की भूमिका इंद्रजीत सरोज, मंत्री की भूमिका चंदन पांडेय, वशिष्ठ की भूमिका पप्पू पांडेय, बाणासुर की भूमिका बड़े चौबे, रावण की भूमिका अंकित तिवारी, सीता की भूमिका आशीष विश्वकर्मा, विश्वामित्र की भूमिका नन्हे दुबे, परशुराम की भूमिका प्रदीप पाठक, कैकेयी की भूमिका कार्तिकेय विश्वकर्मा और मंथरा की भूमिका सोनू तिवारी ने निभाई। अन्य कलाकारों ने भी विभिन्न पात्रों का अभिनय किया। रामलीला के कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ मौजूद रही और धार्मिक वातावरण बना रहा।

 

 

 

 

Must Read