अनफिट स्कूल वाहनों में लापरवाही का फिटनेस, जिम्मेदार मौन
नसीराबाद क्षेत्र के प्राइवेट स्कूलों में जर्जर वाहनों से ढोये जा रहे मासूम
संदीप पाण्डेय
नसीराबाद, रायबरेली। अनफिट व खटारा हो चुके स्कूली वाहनों को लेकर भले सरकार सख्त कदम उठाते हुए संबंधित मातहतों को सख्त कार्यवाही का दिशा निर्देश जारी कर रखा है लेकिन छतोह ब्लाक क्षेत्र में अनफिट स्कूली वाहनों में लापरवाही का फिटनेस लगाकर मासूमों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। बावजूद इसके स्कूली बच्चों की सुरक्षा के प्रति न परिवहन विभाग और न ही स्कूल प्रशासन गंभीर नजर आ रहा है। अभिभावकों से मोटी फीस वसूलने के बाद भी स्कूल संचालक बच्चों की सुरक्षा के प्रति उदासीनता बरत रहे हैं जिससे अनफिट स्कूली वाहन सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं। अधिकारियों की माने तो स्कूली वाहनों में अग्निशमन किट, फर्स्ट एड बॉक्स, स्कूली वाहन पीले कलर में होने पर ही विभाग द्वारा फिटनेस प्रमाण पत्र जारी किया जाता है। स्कूल वाहन चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस ना होने की स्थित में सबसे पहले स्कूल प्रबंधक की जिम्मेदारी तय की गई है जबकि निजी वाहनों व खटारा (स्क्रैप) हो चुके वाहनों से बच्चो को ढोया जा रहा है। विभागीय जानकारी के अनुसार स्कूलों के लिए केवल बसें ही मान्य है। बावजूद इसके मैजिक, वैन और तमाम तरह के छोटे बड़े वाहन स्कूल वैन के नाम पर लगाए गए हैं। वाहन का कलर, स्कूल का नाम, फोन नंबर, आरसी, बीमा व बिना ड्राइविंग लाइसेंस के अनफिट स्कूली वाहनो से मासूमों को ढोया जा रहा है। क्षेत्र में अनफिट स्कूली वाहनों को लेकर विभागीय जिम्मेदार अधिकारी व विद्यालय प्रबंधक कितना गंभीर होंगे, यह तो आने वाला समय ही बताएगा। इस बावत खंड शिक्षा अधिकारी धर्मेश कुमार यादव से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे संपर्क नही हो सका।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










