जिला वार्ड सदस्य एकता संघ की रजौली कमेटी का हुआ गठन, वीरेन्द्र बने प्रखण्ड अध्यक्ष
मनोज कुमार
रजौली, नवादा (बिहार)। रजौली में जिला वार्ड सदस्य एकता संघ की गठन को लेकर रविवार को रजौली संगत में संघ की बैठक आयोजित हुई। वार्ड सदस्य वीरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिला वार्ड सदस्य एकता संघ की रजौली कमेटी के गठन को लेकर उपस्थित वार्ड सदस्यों के बीच गहन विचार-विमर्श किया गया। गहन विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से वीरेंद्र प्रसाद को प्रखंड अध्यक्ष, शंकर कुमार सिंह को प्रखंड उपाध्यक्ष, दयाशंकर प्रसाद को प्रखंड सचिव व मेहरान अंसारी को प्रखंड कोषाध्यक्ष चुना गया।
साथ ही प्रखंड कार्यकारिणी का भी गठन किया गया है। आयोजित बैठक में संघ के जिलाध्यक्ष मो शमीम उद्दीन ने वर्तमान समय में वार्ड सदस्यों के साथ उपेक्षा पूर्ण व्यवहार किए जाने को लेकर कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि पंचायती राज व्यवस्था में ग्राम पंचायत में वार्ड सदस्य पंचायत स्तर का सबसे निचला और सबसे मजबूत इकाई होता है। लेकिन वर्तमान समय में वार्ड सदस्यों के साथ काफी उपेक्षापूर्ण व्यवहार किया जा रहा है।
हद की बात तो यह है कि पंचायत के वार्ड सदस्यों की बात मुखिया व पंचायत सचिव के साथ-साथ प्रखंड कार्यालय के पदाधिकारी बीडीओ व सीओ भी नहीं सुनते हैं और ना ही उन पर कोई ध्यान देते हैं। वार्ड सदस्यों के साथ इस तरह की उपेक्षा किए जाने को लेकर सभी वार्ड सदस्यों को पूर्ण रूप से विरोध करना होगा। अपने अधिकार और सम्मान के लिए वार्ड सदस्यों को लड़ाई लड़नी पड़ेगी। वार्ड सदस्यों के अधिकार व सम्मान को लेकर संघ ने जो लड़ाई छेड़ा है, उसे मरते दम तक पूरा करना है। मौके पर रजौली प्रखंड के लेंगुरा पंचायत के वार्ड सदस्य अभिमन्यु कुमार, सिरोडाबर के बीरेंद्र यादव, अमावां पूर्वी के संजीव कुमार पांडेय, अमावां पश्चिमी के शंकर कुमार सिंह, जोगियामारण के मकसूद आलम आदि उपस्थित थे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।












