बैग रखने के विवाद में खुला 43.95 लाख का राज, दो युवक गिरफ्तार

  • बैग रखने के विवाद में खुला 43.95 लाख का राज, दो युवक गिरफ्तार

  • राजघाट पुलिस ने दो बैगों से बरामद किये 4395600 रुपये

  • रकम के स्रोत का जवाब नहीं दे सके युवक

तेजस टूडे ब्यूरो
अजय जायसवाल
गोरखपुर। बैग रखने को लेकर दो युवकों के बीच हुआ विवाद पुलिस के लिए बड़ी नकदी बरामदगी का कारण बन गया। राजघाट थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान दोनों युवकों के पास मौजूद दो बैगों से 43 लाख 95 हजार 600 रुपये नकद बरामद किए। इतनी बड़ी रकम के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों युवक उसके स्रोत का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जानकारी आयकर विभाग को दे दी है।
पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में सीओ कैंट अरुण कुमार ने बताया कि 25 और 26 नवंबर की मध्य रात्रि टीपीनगर चौकी प्रभारी सुधीर श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दो व्यक्तियों के बीच विवाद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दोनों युवक बैग रखने को लेकर आपस में विवाद करते मिले। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने दोनों बैगों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नकदी मिलने से पुलिस भी हैरान रह गई।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गये युवकों की पहचान विकास पाण्डेय पुत्र स्व. ओम प्रकाश पाण्डेय निवासी विवेकपुरम तारामंडल थाना रामगढ़ताल और दुर्विजय यादव पुत्र शिवमूरत यादव निवासी टिकरिया नाथ सिंह थाना हरपुर बुदहट के रूप में हुई है। विकास पाण्डेय के बैग से 26 लाख 14 हजार 700 रुपये, जबकि दुर्विजय यादव के बैग से 17 लाख 80 हजार 900 रुपये बरामद हुए। दोनों बैगों से कुल 43 लाख 95 हजार 600 रुपये की नकदी मिली।

रकम के स्रोत की जांच में जुटी पुलिस
सीओ कैंट के अनुसार इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसे किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था, इस संबंध में दोनों युवकों से पूछताछ की गई। हालांकि वे नकदी के स्रोत के बारे में कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने आयकर विभाग को सूचना दी है, ताकि बरामद रकम के स्रोत और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा सके। राजघाट थाने में संबंधित अभियोग पंजीकृत कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस बरामद नकदी के संबंध में विस्तृत जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। इस कार्रवाई में टीपीनगर चौकी प्रभारी सुधीर श्रीवास्तव सहित राजघाट थाने की पुलिस टीम शामिल रही।