फिर सड़कों पर दौड़ रहे ओवरहाइट गन्ने के ट्रक

  • फिर सड़कों पर दौड़ रहे ओवरहाइट गन्ने के ट्रक

  • हादसे के इंतजार में है प्रशासन, ठेकेदारों की अवैध वसूली का आरोप

तेजस टूडे ब्यूरो
नन्द कुमार मिश्रा
मोहम्मदी, लखीमपुर खीरी। एक वर्ष पूर्व ओवरहाइट गन्ने से भरे ट्रक से एक गाड़ी में दबकर 19 मासूम बच्चों की दर्दनाक घायल की सूचना ने पूरे जिले को झकझोर दिया था। उस समय प्रशासन जागा था, सख्ती के दावे किए गए थे और ट्रकों की हाइट तय की गई थी लेकिन एक साल बीतते ही सब कुछ फिर पुराने ढर्रे पर लौट आया है। अब फिर मोहम्मदी क्षेत्र में लगभग 6 फीट हाइट तक गन्ना लादकर ट्रक बेखौफ दौड़ रहे हैं। ये ट्रक किसी बड़े हादसे को खुला न्योता दे रहे हैं। स्कूली बच्चों, राहगीरों और छोटे वाहन चालकों में दहशत का माहौल है। लोग पूछ रहे हैं कि क्या प्रशासन फिर किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है?
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुंभी एवं अजबापुर चीनी मिल के ठेकेदारों द्वारा ट्रक चालकों से अवैध वसूली कर ओवरहाइट ट्रकों का संचालन करवाया जा रहा है। आरोप है कि वसूली के बदले ओवरलोड व ओवरहाइट ट्रकों को खुली छूट दे दी जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि ओवरहाइट होने के कारण ट्रक सड़क पर असंतुलित हो जाते हैं, बिजली के तारों और पेड़ों से टकराते हैं और मोड़ पर पलटने का खतरा बना रहता है। कई जगह गन्ना सड़क पर गिरने से भी हादसे हो चुके हैं। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन, पुलिस व परिवहन विभाग से मांग किया कि ओवरहाइट ट्रकों के खिलाफ तत्काल सघन चेकिंग अभियान चलाया जाय। दोषी ठेकेदारों व चालकों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाए, ताकि पिछले वर्ष जैसी दर्दनाक घटना की पुनरावृत्ति न हो।
उपजिलाधिकारी राजेश सिंह से संपर्क किया तो बताया मामला संज्ञान में आया है। जल्द ही टीम गठित कर कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। लापरवाही किसी भी दिशा में बर्दाश्त नहीं।