पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
अजय जायसवाल
गोरखपुर। दौलतपुर अमवा गांव में निर्माणाधीन मकान में एक युवक का शव पुलिस ने बरामद किया। उसके मुंह से खून निकल रहा था। पत्नी की सूचना पर तत्काल एसपी नार्थ मनोज कुमार अवस्थी, सीओ कैंपियरगंज अजय कुमार सिंह और एसओ चिलुआताल मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने जमीन बैनामा कराने वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार जुगानी निषाद (35) पैतृक मकान से अलग गांव के बाहर घर बनवा कर रहता था। मकान की दीवार बनवाकर वह छत की तैयारी कर रहे थे। शनिवार शाम निर्माणाधीन मकान के दीवार के पास उनकी लाश मिली।
उनके मुंह से खून निकल रहा था। पत्नी खोजते हुए पहुंची तो उनका शव देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पत्नी का आरोप है कि जिन लोगों ने उन्हें मकान बनवाने के लिए जमीन बेची थी, उनसे लेन-देन को लेकर विवाद था। उन्हीं लोगों ने उसकी हत्या की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मालूम हो कि युवक मजदूरी करता था। उसकी पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है। उसकी तीन बेटियां और एक बेटा है। पैतृक जमीन बेचकर उसने जमीन खरीदी थी और मकान बनवा रहा था। सामान की देखरेख के लिए वह निर्माणाधीन मकान में ही रात में रहता था। इस बाबत पूछे जाने पर सीओ कैंपियरगंज अजय सिंह ने बताया कि युवक की लाश मिली है। जांच की जा रही है। परिजनों ने जमीन बेचने वालों पर आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत कैसे और कब हुई, यह पता चलेगा। इसके बाद कानूनी कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।