कानपुर के रहने वाला था मृतक, सुसाइड नोट बरामद
राजेश श्रीवास्तव
अयोध्या। यातायात पुलिस के एक आरक्षी ने फांसी लगा ली। मृतक के कमरे से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें आत्महत्या के पीछे किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। कुछ लोगों से रुपये के लेन—देन का उल्लेख किया है। मृतक अभय यादव कानपुर जिले के पनकी गंगागंज निवासी थे। अभय यहां शहर खोजनपुर स्थित विष्णुपुरी कालोनी में किराए का कमरा लेकर रहते थे। गुरुवार की सुबह उनके कमरे का दरवाजा देर तक न खुलने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। उन्होंने खिड़की से झांक कर देखा तो कमरे में अभय का शव फंदे से लटक रहा था। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस की उपस्थिति में दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला गया। एसपी सिटी मधुबन सिंह, एसपी ट्रैफिक अयोध्या प्रसाद, सीओ सिटी शैलेंद्र सिंह, सीओ ट्रैफिक डा. राजेश तिवारी ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। वर्ष 2020 बैच के आरक्षी अभय की करीब तीन माह पहले रामनगरी में तैनाती हुई थी। करीब डेढ़ वर्ष पहले उनकी शादी हुई थी। छानबीन में पाया गया है कि दो दिन से वह मेडिकल अवकाश पर थे। कोतवाल अश्विनी पांडेय ने बताया कि सुसाइड नोट में आरक्षी ने किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। मृतक के स्वजन को सूचना दे दी गई है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।