प्राइवेट बस से टकराई कार, दरोगा की हुई मौत एवं सिपाही समेत 5 जख्मी
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर टोल प्लाजा के पास हुआ हादसा
तेजस टूडे ब्यूरो
अश्वनी सैनी
उन्नाव। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे स्थित टोल प्लाजा के पास शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे बस चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी जिससे अर्टिगा कार बस में पीछे से टकरा गई। हादसे में कार चला रहे दरोगा की मौत हो गई। सिपाही सहित 5 लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सूचना पर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों में कोहराम मचा रहा। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमेठी जिले के थाना गुरसहायगंज निवासी सूरज (25) बीते सात जून को गांव की रहने वाली 19 वर्षीय एक युवती को लेकर राजस्थान के जोधपुर के पाली गांव चला गया था। युवती के पिता ने अमेठी कोतवाली में युवक पर बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी थी। लोकेशन मिलने पर अमेठी के सदर कोतवाली में तैनात दरोगा मंजीत सिंह 38 पुत्र राम विलास निवासी एच 31 सर्वोदय नगर थाना गाजीपुर लखनऊ कांस्टेबल प्रदीप तिवारी पुत्र सुरेन्द्र तिवारी निवासी अमेठी और युवती के मामा पवन गुप्ता 35 पुत्र दौलत राम निवासी इटौरी थाना संग्रामपुर अमेठी, उसके दोस्त धर्मेंद्र और सुल्तानपुर के लोहरामऊ थाना क्षेत्र के हरीपुर गांव निवासी संतोष 27 पुत्र सनी के साथ बुधवार रात राजस्थान गए थे। युवक और युवती को लेकर कार से अमेठी लौट रहे थे। एक्सप्रेस वे पर बांगरमऊ स्थित टोल प्लाजा के पास सुबह साढ़े 5 बजे टोल प्लाजा के पास एक स्लीपर बस के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी।
इससे कार चला रहे दरोगा मंजीत सिंह नियंत्रित नहीं कर पाए और कार बस में पीछे से टकरा गई जिससे हादसा हो गया। कार में फंसे दरोगा को निकालने में करीब दो घंटे लग गए और उनकी मौत हो गई। युवक, युवती के अलावा, सिपाही, पवन और संतोष घायल हो गए। वहीं धर्मेंद्र बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद दोनों चालक बस छोड़कर भाग निकले। आनन-फानन घायलों को सीएचसी बांगरमऊ पहुंचाया गया जहां डाक्टर ने घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दिवंगत दारोगा 7 माह की मासूम बच्ची को छोड़ गया है। बेटे की मौत से मां उर्मिला पत्नी नीतू भाई शिवम रो—रोकर बेहाल होते रहे।
——इनसेट——
सीओ बांगरमऊ अरविंद कुमार ने बताया कि कार का दाहिना हिस्सा बस की चपेट में आ गया जिससे कार चला रहे उपनिरीक्षक मंजीत की मौत हो गई। घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया गया है। घटना की सूचना कोतवाली अमेठी को दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उन्होंने बताया कि बस को सीज कर यात्रियों को दूसरे वाहन से भेज दिया गया है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।