हड़ताल शुरू होने से पहले ही ग्रामीणांचलों की विद्युतापूर्ति ठप, तहसील प्रशासन हलकान | #TEJASTODAY
मधुपुर फीडर की आपूर्ति शनिवार की शाम से ही ठप्प
मोबाइल फोन बंद कर मौके से गायब हैं जिम्मेदार
विपिन मौर्य एडवोकेट मछलीशहर, जौनपुर (टीटीएन) 4 अक्टूबर। स्थानीय विद्युत उपकेंद्र से संचालित सभी ग्रामीण फीडरों की आपूर्ति हड़ताल से 48 घण्टे पहले से ही ठप पड़ी है। अधिकारी शनिवार को पैनल में आयी खराबी के कारण ठप हुई आपूर्ति की बात सामने आने के बाद से ही मोबाइल बन्द कर भूमिगत हो गए हैं। तहसील प्रशासन रविवार को दिन भर हलकान रहा लेकिन विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं करा पाया जिसके कारण पूरे ग्रामीण क्षेत्र में हाहाकार मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार मछलीशहर विद्युत सब स्टेशन व बड़े पावर हाउस से चलने वाले मधुपुर बंधवा, जमालपुर, मुस्तफाबाद और बरईपार ग्रामीण फीडर की आपूर्ति शनिवार को दोपहर बाद बन्द हो गई। ड्यूटी पर तैनात एसएसओ ने बताया कि पैनल में तकनीकी खराबी आ गयी है जिसकी सूचना अवर अभियंता अवधेश यादव, एसडीओ अमरदेव सिंह और अधिशासी अभियंता को दे दी गई है। उनके द्वारा खराबी ठीक करने के बाद विद्युत आपूर्ति आरम्भ होगी।
इसके बाद सायं जब आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो उक्त अधिकारियों के मोबाइल फोन पर सम्पर्क करने का प्रयास किया गया तो जेई के फोन की घण्टी बजती रही लेकिन उत्तर नहीं मिला। बाद में स्वीच आफ हो गया जबकि एसडीओ, सभी लाइनमैन व विभागीय कर्मचारियों का मोबाइल फोन भी बंद रहे। आपूर्ति बंद होने के कारण इन फीडरों के पेट्रोल पंप मालिक, आटा चक्की, पम्पसेट से सिंचाई करने के लिए किसान, उपभोक्ता तथा मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए लोग परेशान रहे।
लोगों का कहना है कि सुनियोजित तरीके से अधिकारी हड़ताल को सफल बनाने के लिए आपूर्ति ठप छोड़कर गायब हो गए हैं। हालांकि जानकारी मिलने पर रविवार को उपजिलाधिकारी अंजनी सिंह और क्षेत्राधिकारी विजय सिंह विद्युत केंद्र पर जाकर आपूर्ति बहाल करने के लिए प्रयास किये लेकिन उनका भी सहयोग विद्युत कर्मचारी नहीं कर फाल्ट होने की झूठी जानकारी दे रहे हैं।
इस बाबत पूछे जोन पर उपजिलाधिकारी का कहना है कि अभी कर्मचारियों की हड़ताल शुरू नही हुई है जबकि 5 अक्टूबर से हड़ताल का एलान किया गया है। इसी क्रम में तहसीलदार अमित त्रिपाठी भी मछलीशहर उंकनी केंद्र का निरीक्षण कर उनसे खराबी को ठीक करके बिजली की आपूर्ति आरम्भ करने का निर्देश दिये।