दो प्रमुख मिठाई की दुकानों पर मिली प्रतिबंधित पॉलिथीन, लगा जुर्माना
दो प्रमुख मिठाई की दुकानों पर मिली प्रतिबंधित पॉलिथीन, लगा जुर्माना
अंकित सक्सेना
बदायूं। पॉलिथीन के खिलाफ शासन के 25 अगस्त से 25 सितंबर तक विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देशों के क्रम में पहले दिन नगर पालिका ने शहर में अभियान चलाया। इस दौरान शहर की प्रतिष्ठित प्रकाश और राधिका स्वीट्स की दुकानों समेत अन्य दुकानों पर छापा मारा गया। वहां पर प्रतिबंधित पॉलिथीन बरामद हुई। पालिका ने दोनों दुकानों समेत शहर से कुल 39 हजार रुपये जुर्माना वसूला। प्रदेश सरकार द्वारा पूर्व में ही पॉलिथीन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
इसके बाद में कुछ समय तक जिलेभर में पॉलिथीन को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। इसमें व्यापारियों से लेकर आम लोगों तक प्रतिबंधित पॉलिथीन के दुष्परिणामों के बारे में बताया था। इसका असर कुछ दिन तक रहा। उसके बाद में अभियान शांत हो गया तो लोग पहले की तरह प्रतिबंधित पॉलिथीन का उपयोग करने लगे। अब शासन ने एक माह तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए है। कहा है कि जिस नगर पालिका, पंचायत द्वारा प्रतिबंधित पॉलिथीन को लेकर वसूली ज्यादा की जाएगी, उसको सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद में जिलेभर में प्रतिबंधित पॉलिथीन को लेकर अभियान चलाया गया।
शहर में ईओ दीप कुमार ने राधिका स्वीट्स के यहां छापा मारा। वहां कुछ कम पॉलिथीन मिलने पर एक हजार का जुर्माना लगाया। प्रकाश स्वीट्स के यहां काफी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलिथीन मिली। पालिका द्वारा 25 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। चेतावनी दी कि अगर दोबारा प्रतिबंधित पॉलिथीन मिलती है तो जुर्माने के अलावा विधि कार्रवाई भी की जा सकती है। इसके अलावा आयकर कार्यालय के बराबर में स्थित रेस्टोरेंट्स से एक हजार का रुपये जुर्माना वसूला। अन्य दुकानों पर भी छापा मारकर कुल 39 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
दीप कुमार ईओ नगर पालिका ने बताया कि शासन के निर्देश पर प्रतिबंधित पॉलिथीन को लेकर अभियान चलाया गया। प्रकाश स्वीट्स के यहां काफी मात्रा में पॉलिथीन बरामद हुई। ऐसे में 25 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है। राधिका स्वीट्स के यहां कम मात्रा में पॉलिथीन मिली, यहां से एक हजार रुपये की वसूली की। कुल 39 हजार रुपये की वसूली की गई है। एक माह तक विशेष अभियान चलाया जाएगा।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।