उच्चस्तरीय एवं पारदर्शी जांच को लेकर आजाद अधिकार सेना ने राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
तेजस टूडे ब्यूरो
धीरेन्द्र शुक्ला
शाहजहांपुर। आजाद अधिकार सेना ने जोनल अध्यक्ष शैलेष कुमार एवं जिलाध्यक्ष विमलेश वर्मा के संयुक्त नेतृत्व में हिडेनबर्ग रिपोर्ट में अदानी समूह तथा सेबी अध्यक्ष के विरुद्ध सामने आए तथ्यों के संबंध में जांच कराए जाने हेतु शाहजहाँपुर कलेक्ट्रेट कार्यालय पर उपस्थित होकर विरोध प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम प्रत्यावेदन दिया।
प्रत्यावेदन में कहा गया कि हिडेनबर्ग रिपोर्ट में जो तथ्य अंकित किए गए हैं, वे अत्यंत गंभीर हैं तथा काले धन को मॉरीशस तथा अन्य विदेशी स्थलों पर सफेद किए जाने की बात बताते हैं। साथ ही इन रिपोर्ट में सेबी अध्यक्ष पर जानबूझ कर व्यक्तिगत लालच के कारण अदानी समूह पर कार्रवाई नहीं किए जाने के गंभीर आरोप भी हैं। इतने सारे तथ्यपरक आरोपों के बाद भी इस मामले में केंद्र की भाजपा सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है जो अत्यंत आपत्तिजनक है। प्रत्यावेदन में इस मामले में उच्चस्तरीय पारदर्शी जांच समिति बनाकर पूरे प्रकरण की जांच कराते हुए दोषियों पर कार्रवाई किए जाने और भारत सरकार द्वारा इस प्रकरण के संबंध में एक श्वेत पत्र जारी किए जाने की मांग की गई है। विरोध प्रदर्शन के दौरान उपस्थित जिला उपाध्यक्ष वरुण कुमार, विधानसभा अध्यक्ष पुवायां धीरेन्द्र शुक्ला, ब्लाक अध्यक्ष पवन कुमार, नगर अध्यक्ष अमन कश्यप, वीरेंद्र वर्मा, सुधीर वर्मा, ब्रजेश वर्मा, अवनीश वर्मा, विमल कुमार आदि शामिल रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।









