संतोष तिवारी
मैनपुरी। जनपद के बेवर में पालीथिन मुक्ति अभियान को लेकर समाज के सभी तबके के लोग सामने आ रहे हैं। खासकर विद्यालयों में भी इसका अच्छा खासा असर देखने को मिल रहा है। नगर के कर्मचारियों द्वारा रैली निकाल कर नगर को प्लास्टिक मुक्त करने का अभियान चलाया। भारी उत्साह के बीच नगर पंचायत के कर्मचारियों ने प्लास्टिक मुक्ति से जुड़े कई नारे लगाकर नागरिकों को आगाह किया कि इस गम्भीर खतरे के प्रति सभी जागरूक नहीं हुए तो बड़े नुकसान को तैयार रहें।
नगर के कई हिस्सों से गुजरी रैली के दौरान संकल्प भी लिया गया कि प्लास्टिक को स्वयं छोड़ने के साथ आस-पास के लोगों को भी प्रेरित करेंगे।नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी दुर्गेश कुमार ने कहा कि पूरे भारत में प्लास्टिक का उपयोग सबसे अधिक किया जाता है। इसके प्रदूषण के कारण तथा हमारे प्लास्टिक बैग के अनावश्यक उपयोग के कारण हमारे आसपास के वातावरण को बहुत ही नुकसान हो रहा है। यह प्लास्टिक बैग पानी के स्त्रोतों को बंद कर देते हैं। प्लास्टिक के बैग पशुओं को मार डालते हैं। पशुओं व जंतुओं पर भी ये असर डालते हैं। इसलिए हमें अब बायोडिग्रेडेबल और कागज, कपड़े के बने बैग का इस्तेमाल करना चाहिए। बाल भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य डा. उदय शर्मा ने कहा कि अब अपनी पुरानी परम्पराओं की ओर वापस लौटने का समय है। जहां प्लास्टिक का कोई वजूद नहीं था। मानव सभ्यता और संस्कृति आरंभ से ही सच्चाई, सफाई और पवित्रता पर जोर देती है। हमें प्रतिज्ञा करनी चाहिए कि हम अपने देश से प्लास्टिक नाम की चीज का सफाया करके अपने देश और देशवासियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाएंगे कि प्रत्येक नागरिक अपने आस-पास की गंदगी की सफाई करते हुए लोगों को प्रेरित करें कि जहां स्वच्छता है, वहां बीमारियां दूर रहती हैं। स्वच्छता का मतलब सिर्फ पर्यावरण प्रदूषण से नहीं है। सामाजिक मानसिक स्वच्छता के साथ भ्रष्टाचार की सफाई से भी है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।